जेएनकेविवि : कमेटी-कर्मचारी संघ की वार्ता फेल, नदारद रहे लेखा नियंत्रक

जेएनकेविवि : कमेटी-कर्मचारी संघ की वार्ता फेल, नदारद रहे लेखा नियंत्रक

जबलपुर। जवाहरलाल नेहरू कृषि विवि में चल रही हड़ताल को खत्म कराने के लिए सोमवार को कमेटी के साथ संघ की वार्ता फेल हो गई। सोमवार सुबह कुलपति कार्यालय के मीटिंग हॉल में 11.30 बजे कमेटी की बैठक संघ के पदाधिकारियों के साथ शुरू हुई लेकिन बैठक में विवि के लेखा नियंत्रक नदारद रहे। इस पर कमेटी में विवि प्रशासन की ओर से सदस्यों ने कहा कि जब तक लेखा नियंत्रक नहीं होंगे निर्णय संभव नहीं है।

कर्मचारियों के जो मुद्दे है उनमें से ज्यादातर वित्त विभाग से संबंधित है। ऐसे में वार्ता अन्य मांगों को लेकर करीब एक घंटे चर्चा हुई बावजूद इसके कोई भी निर्णय नहीं लिया जा सका। कर्मचारियों में विवि प्रशासन के इस रवैए को लेकर खासा आक्रोश रहा। कर्मचारी संघ के सदस्यों का कहना था कि जो कर्मचारी पूरे दिन विवि के विकास के लिए समर्पित भाव से काम करते हैं उनके प्रति इस तरह की अनदेखी की जा रही है। लेखा नियंत्रक बैठक में क्यों नहीं आए यदि वे नहीं आए तो बैठक ही क्यों रखी गई थी।

कर्मचारी संघ ने लगाए गंभीर आरोप

जवाहरलाल नेहरू कृषि विवि केंद्रीय कर्मचारी संघ के अध्यक्ष निखिल द्विवेदी ने विवि प्रशासन पर आरोप लगाते हुए कहा कि सब कुछ प्रायोजित है। जब अधिकारियों को जानकारी थी कि बिना लेखा नियंत्रक के निर्णय नहीं हो सकता तो उनकी उपस्थिति सुनिश्चित क्यों नहीं की गई। कर्मचारियों की मांगे पूरी होने तक आंदोलन चरणबद्ध तरीके से चलेगा।