भारत जोड़ो हाथ जोड़ो पांव जोड़ो हो गया अब हाथ पांव तोड़ो यात्रा निकलें

भारत जोड़ो  हाथ जोड़ो पांव जोड़ो हो गया अब हाथ पांव तोड़ो यात्रा निकलें

जबलपुर। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा और प्रदेश कांग्रेस के हाथ से हाथ जोड़ो अभियान के बाद पार्टी अब हाथ-पांव तोड़ो यात्रा भी निकाल सकती है। जबलपुर कांग्रेस के ग्रामीण जिलाध्यक्ष ने हाथ-पांव तोड़ो यात्रा निकालने की बात कही है। उनके बयान के बाद अब प्रदेश की राजनीति में बवाल मचा हुआ है। इस मामले में बीजेपी ने उन्हें आड़े हाथों लेते हुए उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। दरअसल, 26 जनवरी को जबलपुर के अधारताल स्थित बिरसा मुंडा चौक में कांग्रेस ने हाथ से हाथ जोड़ो अभियान की शुरूआत की। कार्यक्रम में कांग्रेस के कई बड़े नेता, पूर्व मंत्री लखन घनघोरिया, विधायक विनय सक्सेना, महापौर जगत बहादुर अन्नू के साथ ग्रामीण अध्यक्ष नीलेश जैन भी शामिल हुए थे। भाषण के दौरान ग्रामीण अध्यक्ष नीलेश जैन ने मंच से कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा, भारत जोड़ो हो गया, हाथ जोड़ो हो गया और हाथ से हाथ जोड़ो भी हो गया। इसके बावजूद भी अगर हमारी सुनवाई नहीं होती तो जबलपुर में अब हाथ-पांव तोड़ो यात्रा होगी। कई जगह एफआईआर डॉ. नीलेश जैन के इस विवादित बोल के बाद भारतीय जनता युवा मोर्चा ने शहपुरा थाने में उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई है। इसके अलावा सिहोरा में भी भाजपा नेताओं ने एफआईआर दर्ज करवाई है।

कांग्रेस कर रही प्रदेश को हिंसा की आग में झोंकने की साजिश

नीलेश के इस बयान की बीजेपी नेता नरेंद्र सलूजा ने निंदा की। उन्होंने ट्वीट में लिखा- जबलपुर के नवनियुक्त जिला अध्यक्ष निलेश जैन इस तरह की भाषा बोल रहे हैं। इसके पहले भी इनके एक पूर्व मंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर हिंसा भी टिप्पणी कर चुके हैं और अभी तक जेल में हैं। इससे समझ आ रहा है कि कांग्रेस शांति के टापू मध्यप्रदेश को चुनाव के पहले हिंसा की आग में झोंकने का प्रयास कर रही है। कांग्रेस के एक के बाद एक नेताओं के इस तरह के बयान सामने आ रहे हैं।