मणिपुर की हिंसा शर्मनाक, लेकिन उससे भी ज्यादा शर्मनाक उस पर राजनीति: शाह

मणिपुर की हिंसा शर्मनाक, लेकिन उससे भी ज्यादा शर्मनाक उस पर राजनीति: शाह

नई दिल्ली। मोदी सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव के दूसरे दिन राहुल गांधी और स्मृति ईरानी एक दूसरे का आमने-सामने रहे। राहुल ने मोदी पर, तो स्मृति ने राहुल पर निशाना साधा। अपने आक्रामक संबोधन में राहुल ने कहा- आपने (केंद्र) मणिपुर को दो भागों में बांट दिया, वहां भारत माता की हत्या की गई। वहीं, गृहमंत्री अमित शाह ने विपक्ष के अविश्वास प्रस्ताव को राजनीति प्रेरित और भ्रांति फैलाने वाला बताया। उन्होंने कि देश और सदन को पीएम मोदी की सरकार पर पूरा विश्वास है। मणिपुर की हिंसा शर्मनाक है, लेकिन उससे शर्मनाक है उस पर राजनीति करना। राहुल को 13 बार लॉन्च किया गया है और वे हर बार फेल हुए। शाह ने कलावती नाम की महिला का भी जिक्र किया, जिसके घर राहुल ने खाना खाया था।‘

मैं मणिपुर गया, प्रधानमंत्री आज तक नहीं गए

राहुल गांधी बुधवार को सांसदी बहाल होने के बाद पहली बार सदन में बोले। लोकसभा में अविश्वास प्रस्ताव पर चल रही चर्चा के दौरान राहुल ने अपनी बात रखी। मणिपुर में जारी हिंसा को लेकर राहुल सबसे ज्यादा हमलावर रहे। राहुल ने कहा कि कुछ ही दिन पहले मैं मणिपुर गया। हमारे प्रधानमंत्री आज तक नहीं गए, क्योंकि उनके लिए मणिपुर हिंदुस्तान नहीं है। मैंने मणिपुर शब्द प्रयोग किया, लेकिन आज की सच्चाई यह है कि मणिपुर नहीं बचा है। मणिपुर को आपने दो भाग में बांट दिया है। राहुल ने कहा कि इन्होंने मणिपुर मे भारत माता की हत्या की है। अपने संबोधन में राहुल ने मणिपुर की दो महिलाओं का भी जिक्र किया। एक के बच्चे की मौत हो गई थी और दूसरी भविष्य के बारे में पूछने पर सिहर उठी थी। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि मणिपुर में हिंदुस्तान की हत्या की गई है। इनकी राजनीति ने मणिपुर को नहीं, हिंदुस्तान को मणिपुर में मारा है। 

मैं समुंदर के तट से कश्मीर की बफीर्ली पहाड़ी तक चला। यात्रा अभी खत्म नहीं हुई है। यात्रा जारी है। जरूर लद्दाख भी जाऊंगा (इस दौरान राहुल गांधी ने अपने घुटने के दर्द का जिक्र भी किया)

एक किसान हाथ में रुई लेकर आया और बोला यही बचा है। मैंने उससे पूछा - क्या बीमे का पैसा मिला तो किसान बोला -हमारा सब बड़े उद्योगपतियों ने छीन लिया।

माचिस खोजते-खोजते राहुल कहां गए... अमेरिका

राहुल गांधी जब संसद में अपना भाषण दे चुके थे, तो उनके खिलाफ सत्ता पक्ष से केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी उतरीं। स्मृति ने राहुल के जवाब में तल्खी से कहा -राहुल गांधी की देशभक्ति आज बताती हूं। देश के बाहर गए, तो कहा कि हिंदुस्तानी सौहार्द्र की भूमिका में नहीं रहते, भाईचारे में विश्वास नहीं करते। देश में उथल-पुथल होगी, विपक्ष इसका कैसे इस्तेमाल कर सकता है, यह सोच रहा हूं। राहुल गांधी ने विदेश में जाकर कहा कि पूरे देश में केरोसीन फैला है। बस आग लगाने के लिए चिंगारी की जरूरत है। माचिस ढूंढते-ढूंढते राहुल गांधी कहां-कहां गए? अमेरिका गए...। स्मृति ईरानी ने अपने संबोधन में राहुल गांधी पर μलाइंग किस का आरोप लगाया। स्मृति ने कहा- जिन्हें मुझसे पहले बोलने का मौका दिया गया था , उन्होंने जाने से पहले अभद्रता की है। इस आरोप के बाद भाजपा की 22 महिल सांसदों ने इसकी शिकायत की है।

  • मैं जोड़ों के दर्द पर भाषण नहीं दूंगी, इतना जरूर कहूंगी कि जिन वादियों को हिंदुस्तान ने खून से सना देखा है, जब ये इन वादियों में गए, तब ये बर्फ के गोलों के साथ खेल रहे थे। जब प्रधानमंत्री ने 370 को हटाया, तब तस्वीर बदली। 
  • कांग्रेस की सरकार ने मुंद्रा में अदाणी को काम दिया। यूपीए सरकार ने 72 हजार करोड़ का कर्ज दिया, क्यों दिया।

यह अविश्वास प्रस्ताव लाना संख्या की बात नहीं, क्योंकि बहुमत तो सरकार के पास है, लेकिन मुद्दा विश्वास का है। क्या आज देश के किसान, गरीब, मजदूर, अल्पसंख्यक का विश्वास सरकार में है। नौजवान, महिलाओं का विश्वास सरकार में है? -हरसिमरत कौर, शिअद

राष्ट्र प्रथम है। राष्ट्र से ही हमारा अस्तित्व है इसलिए सत्तारूढ़ दल को नफरत छोड़कर मोहब्बत बांटना चाहिए। जम्मू- कश्मीर में नफरत के साथ विकास और पर्यटन की बात करना करना बेमानी है। - फारूख अब्दुल्ला नेशनल कॉन्फ्रेंस

मणिपुर की घटना बहुत दुखद है। हर हाल में राज्य में शांति बहाल करने के प्रयास तेज किया जाना चाहिए। मणिपुर के इस संवेदनशील मामले में राजनीति नहीं होनी चाहिए। मणिपुर में अशांति देश के लिए सही नहीं है। -मिधुन रेड्डी, वाईएसआर कांग्रेस