पारा चढ़ा 5 डिग्री, दिन के साथ रात में भी उमस कर रही परेशान

पारा चढ़ा 5 डिग्री, दिन के साथ रात में भी उमस कर रही परेशान

जबलपुर । चाहे दिन हो या रात उमस लोगों को कलपा रही है। औसत की 75 फीसदी बारिश होने के बावजूद उमस से राहत नहीं मिल पा रही है। वहीं फिलहाल बारिश होने के चांसेस भी नजर नहीं आ रहे हैं। बारिश का औसत आंकड़ा छूने के लिए महज 14 इंच बारिश की और जरूरत है। वहीं पारा 5 डिग्री तक ऊपर चला गया है जिससे गर्मी व उमस बढ़ गई है। बारिश का वर्तमान में कोई सिस्टम सक्रिय नहीं है। हालाकि मौसम विभाग ने गत दिवस कहा था कि अगले 2 दिन बाद मानसून फिर सक्रिय होगा। तापमान के बढ़ने से शहर में वायरल बीमारियों का कहर बढ़ता जा रहा है। इसके बावजूद बारिश की स्थिति फिलहाल संतोषजनक कही जा सकती है।भले ही औसत के आंकड़े से अभी बारिश दूर है पर यदि किसी कारण से अब बारिश नहीं भी होती तो पेयजल के लिहाज से कोई कमी नहीं होगी। खेती की सिंचाई के लिए फरवरी-मार्च में टोटा हो सकता है।

ऐसा रहा शनिवार को मौसम का मिजाज

शनिवार को अधिकतम तापमान 34.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 5 डिग्री ज्यादा रहा। न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री रहा जो कि सामान्य से 1 डिग्री ज्यादा रहा। आर्द्रता 79 प्रतिशत रही। सूर्योदय सुबह5.54व सूर्यास्त शाम 6.21 बजे हुआ। हवाओं की दिशा उत्तर पश्चिमी 4 किमी प्रति घंटे रही। मौसम विभाग के पूर्वानुमान में संभाग के जिलों में कुछ जगह बारिश व गरज-चमक की संभावनाएं बरकरार हैं।