टोल प्लाजा पर बदमाशों की फायरिंग, जान बचाने भागे 2 कर्मियों की कुएं में गिरने से मौत

टोल प्लाजा पर बदमाशों की फायरिंग, जान बचाने भागे 2 कर्मियों की कुएं में गिरने से मौत

दतिया। झांसी-ग्वालियर हाईवे पर स्थित डगरई टोल प्लाजा पर रंगदारी के चलते दो पहिया वाहनों पर सवार करीब एक दर्जन नकाबपोश बदमाशों ने मंगलवार रात करीब दस बजे तमंचों से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इससे वहां मौजूद कर्मचारियों में भगदड़ मच गई और वह जान बचाने के लिए इधरउ धर भागने लगे। इस दौरान दो कर्मचारी टोल ऑफिस के पीछे बने बिना मुंडेर के कुएं में जा गिरे, जिससे उनकी पानी में डूबने से मौत हो गई।

पुलिस ने 10 से अधिक अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। शिफ्ट इंचार्ज राजेश कुमार पुत्र नत्थी सिंह तेवतिया निवासी ग्राम कोंडल तहसील हथीन जिला पलवल हरियाणा ने पुलिस को बताया कि मंगलवार रात टोल प्लाजा पर उसकी ड्यूटी थी। रात करीब दस बजे दो पहिया वाहनों पर सवार करीब दस-बारह लोग 6 नंबर लाइन पर आए और वहां ड्यूटी कर रहे रविन्द्र बबेले से टोल से जबरन गाड़ी निकलवाने के लिए विवाद करने लगे। इस दौरान उन लोगों ने रविन्द्र के साथ गालीगलौज करते हुए उसकी मारपीट कर दी।

इसके बाद वह एक नंबर लाइन पर आ गए और वहां ड्यूटी कर रहे सुमित दांतरे के साथ भी मारपीट की। इसके बाद बदमाशों ने तमंचों से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग होते ही वहां मौजूद कर्मचारियों में भगदड़ मच गई और वह इधरउ धर भागने लगे। इस दौरान मैनेजर श्रीनिवास सिंह पुत्र महेंद्र परिहार 37 साल नया बाग आगरा और शिफ्ट इंचार्ज शिवाजी प्रहलाद पोंडले 40 साल मलकापुरा अकोला महाराष्ट्र जान बचाने के लिए टोल ऑफिस के पीछे भागे, लेकिन हड़बड़ाहट में दोनों वहां बने बिना मुंडेर के कुएं में जा गिरे, जिससे पानी में डूबने से उनकी मौत हो गई। कुछ देर बाद ही चिरूला थाना पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई, तब तक बदमाश वहां से भाग चुके थे।

एसडीआरएफ टीम ने कुएं में गिरे श्रीनिवास और शिवाजी को बाहर निकाला, लेकिन उनकी मौत हो चुकी थी। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। गौरतलब है कि एक अप्रैल को टोल का नया ठेका हुआ। मरने वाले हाल ही टोल पर डयूटी करने आए थे। अनजान जगह होने के कारण भागते समय वह कुएं में गिर गए और उनकी मौत हो गई। इस संबंध में थाना प्रभारी चिरूला नितिन भार्गव ने बताया कि टोल प्लाजा पर गोलीबारी की जानकारी मिलते ही वह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बदमाश भाग चुके थे। पुलिस ने दस-बारह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।