दुनिया में सम्मान का खेलों की सफलता से सीधा जुड़ाव: मोदी

दुनिया में सम्मान का खेलों की सफलता से सीधा जुड़ाव: मोदी

अहमदाबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को 36वें राष्ट्रीय खेलों का आगाज करते हुए कहा कि दुनिया में सम्मान पाने का खेलों में सफलता से सीधा जुड़ाव होता है। मोदी ने नरेंद्र मोदी स्टेडियम पर रंगारंग कार्यक्रम के बीच 36वें राष्ट्रीय खेलों के शुभारंभ के मौके पर विकसित देशों का उदाहरण देते हुए कहा कि वैश्विक खेलों में ऐसे देशों के खिलाड़ी अधिक पदक जीतते है। मोदी ने कहा कि दुनिया में सम्मान का खेलों से सीधा जुड़ाव होता है। आज दुनिया में जो देश विकास और अर्थव्यवस्था में शीर्ष पर हैं उनमें से ज्यादातर पदक तालिका में भी शीर्ष पर होते हैं। खेल दुनिया में ‘सॉट पावर’ का जरिया भी है। उन्होंने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि परिवारवाद और भ्रष्टाचार के कारण भारत के खिलाड़ियों को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर ज्यादा मौके नहीं मिल पाए पर अब इसमें काफी बदलाव आया है। बता दें कि गुजरात के विभिन्न शहरों में 12 अक्टूबर तक राष्ट्रीय खेलों का आयोजन होगा। इसमें 36 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों से 7000 से ज्यादा खिलाड़ी, 15000 से ज्यादा प्रतिभागी भाग ले रहे हैं।