प्रॉपर्टी टैक्स के 8 हजार बड़े बकायेदारों के नाम कॉलोनियों में किए जा रहे चस्पा

प्रॉपर्टी टैक्स के 8 हजार बड़े बकायेदारों के नाम कॉलोनियों में किए जा रहे चस्पा

भोपाल। प्रॉपर्टी टैक्स और लीज रेंट जमा नहीं करने वाले 8 हजार से ज्यादा बड़े बकाएदारों के नाम नगर निगम उनकी कॉलोनियों और मोहल्ले में चस्पा कर रहा है। इससे पहले निगम ने इनके नाम अखबारों में विज्ञापन के रूप में भी छपवाए हैं। यह वह बकायेदार हैं, जिन्होंने सालों से तकादा करने के बाद भी टैक्स जमा नहीं किया है। अब निगम इनकी संपत्तियों की ई- नीलामी करने जा रहा है। निगम ने शहर के प्रत्येक वार्ड से 100 बड़े बकायेदारों के नाम शॉर्ट लिस्ट किए हैं। इनकी संख्या आठ हजार से ज्यादा है। बार-बार नोटिस के बाद भी इन्होंने टैक्स जमा नहीं किया तो निगम ने इनकी संपत्ति कुर्क कर दी है। अब कुर्क संपत्तियों की नीलामी कर राशि वसूलने की तैयारी है। अखबारों में ई-आक्शन का इश्तेहार छपवाने के बाद अब निगम इनकी कॉलोनियों में भी ई-नीलामी संबंधी पोस्टर लगवा रहा है। इसमें बकायेदारों के नाम और नीलाम होने वाली संपत्ति का ब्योरा है।

300-300 बकायेदारों की लिस्ट, कुर्की की तैयारी

हर वार्ड में 100-100 बड़े बकायेदारों की संपत्तियां कुर्क करने के बाद अब जोनल अधिकारियों को वार्डों के 300-300 बड़े बकायेदारों की संपत्तियां कुर्क करने का आदेश दिया गया है। सभी 85 वार्डों में 25 हजार से ज्यादा बकायेदारों की संपत्तियां कुर्क कर उनकी ई- नीलामी की जाएगी। इससे पहले इनकी सूची कॉलोनियों और मोहल्लों में चस्पा की जाएगी।

निगम क्यों कर रहा कुर्क संपत्तियों का ई-आक्शन

निगम पहली बार कुर्क संपत्तियों को ई-आक्शन से नीलाम करने जा रहा है। ऐसा करने वाला यह पहला निगम होगा। ज्यादातर मामलों में होता ये था कि अधिकारी नीलामी के लिए कुर्क संपत्तियों की फाइलें लिए बैठे रहते थे, लेकिन कोई खरीदार नहीं आता था। वजह- इसकी जानकारी लोगों तक पहुंचने ही नहीं दी जाती थी। साथ ही कई बकायेदार अधिकारियों से सांठगांठ कर लेते थे।