दिसंबर तक देश में दौड़ेगी वंदे मेट्रो, किराया किफायती होगा

दिसंबर तक देश में दौड़ेगी वंदे मेट्रो, किराया किफायती होगा

नई दिल्ली। वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन के बाद अब केंद्र सरकार सरकार दिसंबर 2023 तक वंदे मेट्रो को पटरी पर दौड़ा सकती है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने यह जानकारी दी है। यह प्रमुख शहरों को एक-दूसरे से जोड़ेगी। वैष्णव ने कहा कि वंदे मेट्रो कम दूरी के मेट्रो रेल नेटवर्क पर काम करेगी। यह 100 किलोमीटर से कम दूरी वाले शहरों को जोड़ेगी। अश्विनी वैष्णव ने कहा कि वंदे मेट्रो लोकल ट्रेनों पर भीड़ के दबाव को कम करने में मदद करेगी। यह ट्रेन दिसंबर तक तैयार हो जाएगी।' रेल मंत्री ने कहा कि इन ट्रेनों को किफायती किराए के साथ उतारा जा रहा है। उन्होंने कहा कि वंदे भारत के लिए मिली प्रतिक्रिया को ध्यान में रखते हुए इन ट्रेनों को तैयार किया जा रहा है।

टीटागढ़ को मिला 80 वंदे भारत ट्रेन बनाने का कॉन्ट्रैक्ट

उल्लेखनीय है कि टीटागढ़ वैगंस ने हाल ही में एक्सचेंज फाइलिंग में बताया था कि उसे भारत हैवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (भेल) के साथ 80 स्लीपर क्लास वंदे भारत ट्रेन बनाने का कॉन्ट्रैक्ट मिला है। कंपनी 6 साल में इन 80 ट्रेन की सप्लाई करेगी। इसके साथ ही कंपनी 35 साल तक इन ट्रेनों का मेंटेनेंस भी देखेगी। टैक्स और ड्यूटी के अलावा कंपनी ने ये डील 120 करोड़ रुपए/ट्रेनसेट के भाव पर की है।

ये होंगी खास बातें

  • यह वंदे भारत एक्सप्रेस का कम दूरी का वर्जन है। ल्ल एक रूट पर दिन में 4 से 5 बार चलेंगी। 
  • ट्रेन यात्रियों को रैपिड शटल जैसा अनुभव प्रदान करेगी। 
  • इस ट्रेन में मेट्रो की तरह ही आठ कोच होंगे। सामान्य वंदे भारत ट्रेनों में 16 कोच होते हैं। 
  • इससे जॉब करने वाले लोग और स्टूडेंट्स कम समय में एक शहर से दूसरे शहर की यात्रा कर पाएंगे। वे वर्ल्ड क्लास परिवहन सुविधा का लाभ ले सकेंगे। 
  • चेन्नई स्थित आईसीएफ और लखनऊ स्थित आरडीएसओ को जल्द रेक का उत्पादन करने का निर्देश दिया गया है।