जेलेंस्की का दावा- रूस हो गया कमजोर, विक्ट्री डे परेड में सजाने के लिए भी नहीं बचे हथियार

जेलेंस्की का दावा- रूस हो गया कमजोर, विक्ट्री डे परेड में सजाने के लिए भी नहीं बचे हथियार

कीव। रूस और यूक्रेन की जंग रविवार को 67वें दिन तक पहुंच गई, लेकिन रूस को कोई बड़ी सफलता नहीं मिली है। इस बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा है कि रूस को इस जंग में जमकर नुकसान हुआ है, रूस के पास विक्ट्री डे परेड (9 मई) में प्रदर्शन के लिए भी हथियार नहीं बचे हैं। वहीं, यूक्रेनी सेना ने दावा किया कि उन्होंने रूस के नौ से ज्यादा हवाई हमलों को रोक दिया है। पिछले 24 घंटे में यूक्रेनी सेना ने रूस के करीब नौ फाइटर जेट नेस्तनाबूद कर दिए। चोरी कर रही रूसी सेना : रूस के कब्जे वाले शहर मेलिटोपोल से रूसी सैनिकों ने 50 लाख डॉलर के कृषि उपकरण और 3 लाख डॉलर की फसल चोरी की है। चोरी के उपरणों को चेचेन्या ले जाया गया। लेकिन वे किसी काम के नहीं निकले, क्योंकि उन्हें डिसेबल कर दिया गया था। स्थानीय लोगों ने यह भी दावा किया कि रूसी सेना के वाहनों से इन उपकरणों को ले जाया गया।

हॉलीवुड अभिनेत्री एंजेलिना ने यूक्रेन का दौरा किया

हॉलीवुड अभिनेत्री और संयुक्त राष्ट्र की मानवतावादी एंजेलिना जोली ने यूक्रेन में रूसी कार्रवाई के बीच देश के पश्चिमी शहर लवीव में एक बोर्डिंग स्कूल और चिकित्सा संस्थान का दौरा किया। अभिनेत्री एंजेलिना शनिवार को बोर्डिंग स्कूल पहुंचीं, जो इन दिनों विस्थापित लोगों, मानवीय सहायता और हथियारों के लिए एक केंद्र बन गया है। मीडिया में आई जानकारी के अनुसार उन्होंने बच्चों से कहा कि वे दुबारा वापस आएंगी। उन्होंने एक चिकित्सा संस्थान में रूसी सैनिकों के हमले में घायल कुछ बच्चों से मुलाकात की। अभिनेत्री का यह दौरा सबको चौंकाने वाला था। दौरे पर यूएनएचसीआर ने कहा कि यह एंजेलिना का निजी दौरा था।