सरकारी नौकरियों में भर्ती शुरू करने का ऐलान, 2600 करोड़ के विकास कार्य होंगे

सरकारी नौकरियों में भर्ती शुरू करने का ऐलान, 2600 करोड़ के विकास कार्य होंगे

भोपाल । मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रदेश में में शीघ्र ही शासकीय भर्ती प्रारंभ की जाएंगी। फैक्ट्रियों में भी 75 प्रतिशत भर्ती प्रदेश के युवाओं से ही होगी। मुख्यमंत्री उपचुनाव से पहले 27 विधानसभा क्षेत्रों में 2600 करोड़ रूपए के कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे। मुख्यमंत्री ने सोमवार को अनूपपुर में यह घोषणा की। उन्होंने यहां 302 करोड़ 17 लाख रुपए के निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। कार्यक्रम में केंद्रीय इस्पात राज्य मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते एवं खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री बिसाहूलाल सिंह ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि अनूपपुर जिले से पवित्र नर्मदा नदी निकलती है जो मध्यप्रदेश के लोगों की जीवन रेखा है। अनूपपुर जिले के विकास में किसी प्रकार की कमी नहीं होने देंगे। शीघ्र ही प्रदेश में नवीन 37 लाख पात्र लोगों को राशन की उपलब्धता के लिये पात्रता पर्चियों का वितरण किया जाएगा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि मध्यप्रदेश में बाढ़ प्रभावित जिलों में 13 हजार लोगों को बचाया गया है। बाढ़ एवं अतिवृष्टि के कारण जिन किसानों की फसलें बरबाद हुई है, ऐसे सभी किसानों को राहत राशि का वितरण किया जाएगा और फसल बीमा की राशि भी दिलाई जाएगी।

एक दर्जन क्षेत्रों में जाएंगे शिवराज 

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान उपचुनाव से पहले 9 से 14 सितंबर तक संबंधित विधानसभा क्षेत्रों में दौरे पर निकल रहे हैं। इस दौरान वे 1600 करोड़ के कार्यों का भूमिपूजन और 1000 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण करेंगे। आगर मालवा और हाटपिपल्या 60 करोड़ के कार्यों का भूमिपूजन, दिमनी में 71 करोड़ के कार्यों का भूमिपूजन और 22 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण। अम्बाह में 62 करोड़ के कार्यों का भूमिपूजन और 21 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण प्रस्तावित है। मेहगांव में 204 करोड़ के कार्यों का भूमिपूजन और 7 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान11 सितम्बर को डबरा, भांडेर और पोहरी के दौरे पर रहेंगे। यहां जिला शिवपुरी विधानसभा पोहरी के स्थानीय कार्यक्रम में करीब 279 करोड़ के कार्यों का भूमिपूजन और करीब 10 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण होगा। 12 को जौरा, सुमावली और मुरैना, 13 को करैरा, गोहद और ग्वालियर पूर्व एवं 14 सितम्बर को मांधाता/ नेपानगर दौरे पर रहेंगे। इन सभी क्षेत्रों में विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन के कार्यक्रम रखे गए हैं। मालूम हो कि उपचुनाव वाले क्षेत्रों के पूर्व विधायकों ने सीएम से अपने क्षेत्रों में विकास कार्य करने के लिए कहा था।