कलेक्टर साहब के अनुसार अब सामान्य है तापमान, मगर 3 दिन में पारा 6 डिग्री उतरा

कलेक्टर साहब के अनुसार अब सामान्य है तापमान, मगर 3 दिन में पारा 6 डिग्री उतरा

जबलपुर। आसमान साफ होने के बाद रोज ही ठंड अपना टेम्प्रेचर बढ़ा रही है। महज 3 दिनों में ही रात का पारा 6 डिग्री तक उतर चुका है और सुबह कोहरा और ठंड लगातार बढ़ती जा रही है। इसके बावजूद कलेक्टर की नजर में अब ठंड नहीं है और उन्होंने आदेश जारी कर सुबह स्कूल का टाइम पूर्ववत कर दिया है। ऐसे में अल सुबह से ही बच्चों को ठंड में कांपते हुए स्कूल जाने की मजबूरी बन गई है। कलेक्टर सौरभ सुमन ने सोमवार को जारी आदेश में कहा है कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से जबलपुर जिले में बारिश एवं दिन के तापमान में सामान्य की तुलना में कमी के कारण इस कार्यालय का आदेश क्र शिक्षा 2023/9512जबलपुर दिनांक 30 नवंबर से प्रात: पाली में संचालित समस्त शासकीय/अशासकीय स्कूलों का संचालन आगामी आदेश तक प्रात: 9 बजे या उसके पश्चात से किए जाने के निर्देश जारी किए गए हैं। वर्तमान में मौसम खुल गया है तापमान सामान्य है अत: उक्त आदेश से लगाए गए प्रतिबंध समाप्त किए जाते हैं। विद्यालय अपनी व्यवस्था अनुसार संचालन का समय निर्धारित कर सकेंगे।

ऐसा रहा मौसम का मिजाज

सोमवार को अधिकतम तापमान 26.3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य रहा। न्यूनतम तापमान 12 डिग्री रहा जो कि सामान्य रहा। आर्द्रता 89 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशा उत्तर- पश्चिमी 3 से 4 किमी प्रति घंटा रही। पूर्वानुमान में मौसम के शुष्क रहने की संभावना बताई गई है। प्रदेश में रात्रि का सबसे कम पारा 8 डिग्री राजगढ़ में दर्ज किया गया है।

जनवरी तक रहेगी कड़ाके की ठंड

गौरतलब है कि मौसम विभाग लगातार यह कह रहा है कि अब ठंड अपना असर तेज करेगी। ऐसा होता भी नजर आ रहा है। गत दिवस कोहरा सुबह 9 बजे तक अपना असर दिखा चुका है। आने वाले दिनों में सुबह ठंड निश्चित रूप से बढ़ना ही बढ़ना है,ऐसे में अल सुबह स्कूल जाना उनके लिए किसी सजा से कम नहीं होगा।