सुबह छाए बादल, शाम को हुई रिमझिम

सुबह छाए बादल, शाम को हुई रिमझिम

ग्वालियर। जुलाई का दूसरा सप्ताह गुजर जाने के बाद अभी तक शहर में मानसूनी तेवरों की वर्षा नहीं होने से गर्मी और उमस अपना असर दिखा रहे हैं। रविवार को हुई झमाझम बारिश के बाद बुधवार को भी सुबह शहर के कुछ हिस्सों में सिमझिम वर्षा हुई थी। गुरुवार को सुबह बादल छाए, लेकिन शाम को हल्की वर्षा हुई। यह 1.3 मिमी दर्ज हुई। मानसून की बेरुखी लोगों की परेशानी का सबब बन रही है। कभी बादल आकर चले जाते हैं तो कभी रिमझिम होकर रह जाती है। गुरुवार को भी सुबह बादल छाए, लेकिन कुछ देर में ही धूप चमकने लगी। दिनभर निकली धूप से गर्मी और उमस बनी रही। शाम करीब 4 बजे रिमझिम शुरु हुई। पांच मिनट के लिए तेज बौछारें आई, फिर रिमझिम होती रही। यह सिलसिला लगभग एक घंटे चला। इससे उमस बढ़ गई। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को जिले में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बौछारें आ सकती हैं। मौसम विभाग का अनुमान ये भी है कि 19 और 20 जुलाई को तेज बारिश हो सकती है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री दर्ज हुआ,जो सामान्य से 2 डिसे अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 27.4 डिसे रहा, यह भी सामान्य से 2 डिसे अधिक था। अब तक शहर में 130.8 मिमी वर्षा हो चुकी है।