भाजपा सरकार के 100 प्रमुख कामों, उपलब्धियों से होगा कांग्रेस का सामना

भाजपा सरकार के 100 प्रमुख कामों, उपलब्धियों से होगा कांग्रेस का सामना

भोपाल। मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव की बिगुल अगले माह बजने वाली है। इसके पहले मुख्य राजनीतिक पार्टियां भाजपा और कांग्रेस अपनी- अपनी रणनीति बना रही हैं। आम आदमी पार्टी, बसपा और सपा भी सक्रिय हैं। भाजपा ने 79 सीटों पर अपने प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सभी सहयोगी मंत्रियों को सरकार के कामकाज पर फोकस करने का पाठ मंगलवार को पढ़ाया है। 3 साल 9 माह की सरकार में मुख्यमंत्री ने 2,600 घोषणाएं की हैं। सरकारी सूत्रों के अनुसार इनमें दो हजार पूरी हो चुकी हैं। बावजूद, सरकार ने 100 प्रमुख कामों, नीतियों और उपलब्धियों की लिस्ट तैयार की है, जो चुनाव के दौरान जनता को बताई जाएंगी। भाजपा से प्रत्याशी बनाए गए केंद्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर, प्रहलाद पटेल, फग्गन सिंह कुलस्ते, सांसद गणेश सिंह, राकेश सिंह, उदय प्रताप सिंह और रीति पाठक के अलावा भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय सरकार के 100 प्रमुख कामों और योजनाओं से अपडेट होंगे।

प्रदेश के हर व्यक्ति तक पहुंचने का भरोसा

सरकार और भाजपा संगठन को भरोसा है कि मुख्यमंत्री के कामों का फायदा प्रदेश के हर व्यक्ति को कहीं न कहीं हुआ है। चार लाख करोड़ से अधिक के निर्माण कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण हो चुके हैं। वर्तमान में प्रदेश में साढ़े पांच करोड़ मतदाता हैं।

ये उपलब्धियां भी बताएंगे

  • बिजली की समस्या नहीं, सड़कें बनीं।
  • 56 हजार करोड़ रुपए से किया गया अधोसंरचना विकास।
  • 45 लाख हेक्टेयर में सिंचाई का रकबा बढ़ाया।
  • 65 लाख से अधिक ग्रामीण परिवारों के घरों में नल से जल पहुंचाया।
  • 11 लाख किसानों का ऋण माफ।

इन योजनाओं, कामों और नीतियों पर होगा फोकस

कोविड: मुख्यमंत्री ने 374 से अधिक बैठकें की थीं। हजारों जानें बचाईं।

लाड़ली बहना: लाड़ली बहना और लाड़ली लक्ष्मी योजना में करीब दो करोड़ महिलाएं और बेटियों को जोड़ा।

किसान सम्मान निधि: 80 लाख किसानों को फायदा।

राशन : 5 करोड़ लोगों को मुμत राशन।

मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना : 8 लाख अधिक बुजुर्गों को यात्रा।

इलाज : आयुष्मान कार्ड तीन करोड़ से अधिक लोगों के बने।

भत्ता : 7.5 लाख कर्मचारी अधिकारियों को केंद्र के समान महंगाई भत्ता दिया।

स्काई : सीखो कमाओ योजना में दो लाख से अधिक युवाओं का पंजीयन।

गैस : लाड़ली बहना और उज्ज्वला योजना के महिलाओं को 450 रुपए में गैस सिलेंडर। 8 लाख अधिक का पंजीयन।

प्रदेश की जनता समझ गई है कि भाजपा सरकार ने लोगों का कल्याण नहीं किया। विकास के नाम पर झूठे सपने दिखाए हैं। विधानसभा चुनाव में भाजपा की हर रणनीति को कांग्रेस फेल करेगी। -भूपेन्द्र गुप्ता, उपाध्यक्ष, प्रदेश कांग्रेस

भाजपा सरकार के हम 20 सालों के काम जनता को बताएंगे। सरकार की एक-दो नहीं बल्कि सैकड़ों की संख्या में उपलब्धियां हैं। सत्ता और संगठन के कामों के सामने कांग्रेस बोनी साबित होगी। सरकार हम ही बनाएंगे। -वीडी शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष, भाजपा