कांग्रेस के जय-वीरू आपस में झगड़ रहे हैं, लूट के लिए लड़ रहे

कांग्रेस के जय-वीरू आपस में झगड़ रहे हैं, लूट के लिए लड़ रहे

भोपाल। सीएम शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को मालवा के विभिन्न विस क्षेत्रों में भाजपा प्रत्याशियों के लिए चुनावी सभाएं कीं। नीमच की जावद विधानसभा में उन्होंने कमलनाथ और दिग्विजय सिंह पर निशाना साधा। कांग्रेस के जय और वीरू आपस में झगड़ रहे हैं, ये लूट के माल के लिए लड़ रहे हैं। पहले भी 2003 तक मिस्टर बंटाढार ने पूरे प्रदेश को लूटा और बर्बाद कर दिया। सवा साल में कमलनाथ ने भी लूट का अड्डा बना दिया था।

इन्हें सेठ न कहूं, तो क्या मजदूर कहूं: शिवराज ने कहा, 'कल मैंने उन्हें सेठ कहा, तो वो आपत्ति व्यक्त कर रहे हैं- मैं सेठ हूं क्या...। मैं उद्योगपति हूं क्या? कमलनाथ जी को मैं सेठ न कहूं? तो क्या कहूं? मजदूर कहूं, फसल काटने वाला कहूं, गिट्टी-मिट्टी उठाने वाला कहूं? वो स्वयं कहते हैं, मैं निजी प्लेन में घूमता हूं। निजी प्लेन तो किसान के पास होता नहीं, मजदूर के पास भी नहीं होता।'

कमलनाथ का पलटवार: शिवराज जी, जय और वीरू ने ही अत्याचारी गब्बर सिंह का हिसाब किया था। मध्य प्रदेश 18 साल से अत्याचार से त्रस्त है। अत्याचार के अंत का समय आ गया है। बाकी आप समझदार हैं।