एमसीएमएम कमांडेंट जबलपुर ने किया व्हीएफजे का दौरा

एमसीएमएम कमांडेंट जबलपुर ने किया व्हीएफजे का दौरा

जबलपुर। मिलिट्री कॉलेज ऑफ मटेरियल मैनेजमेंट के कमांडेंट लेफ्टिनेंट जनरल संजय सेठी ने सोमवार को जबलपुर प्रवास पर रहे। प्रवास के दौरान वे व्हीकल फैक्टरी जबलपुर का निरीक्षण करने के लिए पहुंचे, जहां पर निमार्णी की ओर से संजीव कुमार भोला मुख्य महाप्रबंधक ने उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने व्हीकल फैक्टरी में हो रहे उत्पादन कार्य एवं सैन्य उत्पादों का अवलोकन किया। भ्रमण के बाद बैठक में मुख्य महाप्रबंधक ने पॉवर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्य्म से निमार्णी में हो रहे सैन्य उत्पादन की विस्तृत जानकारी प्रदान की।

इसके साथ ही मुख्य महाप्रबंधक ने एमसीएमएम कमांडेंट को व्हीएफजे द्वारा विकसित किए जा रहे भविष्य के उत्पादों के बारे में विस्तार से बताया। निमार्णी की भविष्य की योजना क्या है कौन से नये उत्पाद निमार्णी में तैयार किए जा सकते हैं वर्तमान परिप्रेक्ष्य में व्हीएफजे किस दिशा में आगे बढ़ रहा है इन सबके बारे में विस्तृत चर्चा हुई। इस पूरे प्रवास के दौरान आशुतोष कुमार महाप्रबंधक, रामेश्वर मीणा संयुक्त महाप्रबंधक, विवेक सिंह कार्यप्रबंधक, गौरव दीक्षित कार्यप्रबंधक के साथ-साथ अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

ओडीसी सेंटर भी पहुंचे

एमसीएमएम कमांडेंट ने निमार्णी के ओडीसी सेंटर का दौरा किया तथा नए उत्पादों को विकसित किए जाने की दिशा में किए जा रहे कार्यों का करीब से अवलोकन किया। उन्होंने नए उत्पादों के विकास के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव दिये। व्हीएफजे द्वारा सैन्य उत्पाद्न के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों के लिए उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना की। उल्लेखनीय है कि व्हीकल फैक्टरी कई दशकों से भारतीय सेना एवं अन्य सुरक्षा अंगों को सैन्य वाहनों की आपूर्ति करती आ रही है। सैन्य वाहनों के उत्पादन एवं अन्य उत्पादों से संबंधित मसलों को लेकर उच्च सैन्य अधिकारियों का दौरा निमार्णी में होता है।