बुंदेली फाग और अवधी गायन के साथ मालवी होली नृत्य ने झंकृत किया माहौल

बुंदेली फाग और अवधी गायन के साथ मालवी होली नृत्य ने झंकृत किया माहौल

 जनजातीय लोक कला एवं बोली विकास अकादमी द्वारा जनजातीय संग्रहालय के मुक्ताकाश मंच पर फाग उत्सव का आयोजन किया गया। उत्सव में पहले दिन शुक्रवार को सागर के ऋषि विश्वकर्मा एवं साथी कलाकारों द्वारा बुंदेली फाग गीत, पटना की डॉ. नीतू कुमारी नूतन एवं साथ द्वारा भोजपुरी एवं अवधी फाग गायन तथा उज्जैन से प्रतिभा रघुवंशी एवं साथी कलाकारों द्वारा मालवी होली नृत्य की प्रस्तुति दी गई। ‘खेली-खेली राम संग फाग अवध में...’ : उत्सव की शुरुआत ऋषि विश्वकर्मा एवं साथी कलाकारों ने बुंदेली फाग गीतों से की। कलाकारों ने सबसे पहले देव श्री हनुमान गीत ‘बल खों समुरों हनुमान...’, की प्रस्तुति दी। इसके बाद ‘खेली-खेली राम संग फाग अवध में...’, ‘मोपे रंगा ने डारो सांवरिया...’, ‘मृगनयनी नार नवल रसिया...’, को सुनाया। इसी क्रम में ‘दूर भगो ना नीरे से...’, ‘समाझांये जैयो इन लालन खों...’, ‘सूनी लगे जा होरी...’, एवं अन्य बुन्देली फाग गीतों की प्रस्तुति दी।

‘म्हारा मालवा देस कितरो प्यारो लागे रे...’

अगले क्रम में प्रतिभा रघुवंशी एवं साथियों ने मालवी होली नृत्य प्रस्तुत किया गया। उन्होंने ‘सेवा म्हारी मानिलो गनेस देवता...’, से प्रस्तुति का शुभारंभ किया। इसके बाद मालवा की धरती का विवरण प्रस्तुत करता गीत ‘म्हारा मालवा देस कितरो प्यारो लागे रे...’, ‘फागण आयो रे नंनद का वीरा क्यों नहीं आयो रे...’, ‘ऐसो चटक रंग डार गयो रे होरी में कन्हैयो...’, ‘कृष्ण के संग होरी’ और अंत में ‘म्हारो टुट गयो बाजूबंद कान्हा होरी में...’, नृत्य किया। इस दौरान संगत कलाकारों में हारमोनियम एवं गायन पर अजय गंगोलिया ,ढोलक पर विजय गंगोलिया, नृत्यांगनाएं फाल्गुनी नंदवाल, श्रुति परमार, अनर्घ्या गौर, पाशवी आचार्य, गार्गी आचार्य, नंदिनी झवर, निकिता मालवीय, स्नेहा जाधव, इशानी भट्ट, सानिका साठे, तनिष्का पंथी और कृष्णा के रूप में सारा शर्मा रहीं।

भोजपुरी एवं अवधी फाग किया प्रस्तुत

डॉ. नीतू कुमारी नूतन एवं साथी कलाकारों ने भोजपुरी एवं अवधी फाग गायन प्रस्तुत किया। उन्होंने ‘खेलो ना होरी बरजोरी से पिया खेलो ना’, ‘आई खेलन मैं होरी सांवरिया रंग डारे बरजोरी’, ‘बिरज में होरी खेल खेलूंगी मैं सावरिया के संग’, ‘रंग रसिया रंग उड़ावे रसिया रंग रसिया’, जैसे फाग गीतों की प्रस्तुति दी। इस मौके पर काफी संख्या में दर्शक मौजूद रहे।