मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के 70 हजार से अधिक रजिस्ट्रेशन हुए

मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के 70 हजार से अधिक रजिस्ट्रेशन हुए

ग्वालियर। मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना में ग्वालियर जिले में 3 लाख महिलाएं हितग्राही ऐसी हैं जिन्हें योजना का लाभ मिलना है। अभी तक इस योजना में 70676 महिलाओं के रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं। सबसे ज्यादा रजिस्ट्रेशन नगर निगम के सभी 66 वार्डों में 37076 महिलाओं ने अपना पंजीयन कराया है।

लाड़ली लक्ष्मी योजना में अधिकांश महिलाओं के रजिस्ट्रेशन कराने के लिए नगरीय निकायों सहित ग्रामीण क्षेत्र की सभी जनपद और जिला पंचायत के अधिकारी रजिस्ट्रेशन कराने के प्रयास में जुटे हैं। 70676 में 37076 रजिस्ट्रेशन सिर्फ नगर निगम ग्वालियर में किए गए हैं। सीईओ जिला पंचायत आशीष तिवारी कहते हैं कि सभी जनपद क्षेत्रों में रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया चल रही है। पंचायत स्तर पर भी प्रक्रिया चल रही है।

हड़ताल का भी है असर

महिला एवं बाल विकास विभाग के परियोजना अधिकारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता , सहायिकाओं के हड़ताल पर रहने से ग्रामीण क्षेत्र में घर-घर पहुंचकर पंजीयन नहीं हो पा रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में भी पंचायत सचिव हड़ताल पर चल रहे हैं। सीईओ जिलापंचायत कहते हैं कि हमने वैकल्पिक रूप से सभी इंतजाम कर लिए हैं। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के हड़ताल पर रहने से शहर और ग्रामीण क्षेत्र में आंगनबाड़िया बंद हैं और घर-घर पहुंचकर केवायसी कराने और पंजीयन फार्म भराने की प्रक्रिया ठप पड़ी है।

महिलाएं बैंक जरूर जाएं

महिलाएं बैंक जाकर अपना खाता जरूर खुलवाएं । बैंक में खातों का आधार कार्ड का मिलान होना जरूरी है। इसलिए जिन महिलाओं के बैंक में खाते नहीं हैं वे अपने आधार का लिंक जरूर कराएं हैं। कलेक्टर ने कहा है कि पंजीयन के साथ-साथ बैंक खाते का आधार से लिंक होना जरूरी है।

मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना का कार्य प्रगति पर है। हमारा प्रयास है कि अधिकतम लक्ष्य को ग्वालियर जिले में प्राप्त किया जाए। -अक्षय कुमार सिंह,कलेक्टर