मुंबई की बेस्ट खरीदेगी 2100 ई-बसें

मुंबई की बेस्ट खरीदेगी 2100 ई-बसें

हैदराबाद/भोपाल। मुंबई में पब्लिक ट्रांसपोर्ट की सुविधा मुहैया कराने वाली बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट (बेस्ट) अब पर्यावरण के लिए अपनी ज्यादातर बसों को इलेक्ट्रिक बसों में बदल रही है। इसके लिए उसने ओलेक्ट्रा ग्रीनटेक लिमिटेड (ओलेक्ट्रा) को 2,100 इलेक्ट्रिक बसों का आॅर्डर दिया है। इलेक्ट्रिक बसों को लेकर देश में यह अब तक का सबसे बड़ा आॅर्डर है। किसी भी राज्य ने इतनी बड़ी संख्या में इलेक्ट्रिक बसें एक साथ सड़कों पर नहीं उतारी हैं। 3,675 करोड़ रुपए की ये बसें 12 महीने में बेस्ट को मुहैया करा दी जाएंगी। बेस्ट ने कंपनी के साथ 12 साल का कॉन्ट्रैक्ट किया है, जिसके तहत वह इलेक्ट्रिक बसों का मेंटेनेंस भी करेगी। ओलेक्ट्रा ग्रीन के एमडी और अध्यक्ष केवी प्रदीप के अनुसार भारत की वित्तीय राजधानी में सबसे बड़े इलेक्ट्रिक बस बेड़े को चलाना हमारे लिए गर्व की बात है। हम शेड्यूल के अनुसार बसों की डिलीवरी करेंगे और मुंबई के नागरिकों को यातायात का बेहतरीन अनुभव देंगे।

ओलेक्ट्रा अभी मुंबई में बेस्ट के लिए 40 बसें चला रहा

केवी प्रदीप के अनुसार इलेक्ट्रिक मोबिलिटी अग्रणी ओलेक्ट्रा ग्रीनटेक लिमिटेड इस दायित्व को पूरा करने के लिए 12 मीटर एसी बसों का निर्माण है। ओलेक्ट्रा मुंबई में बेस्ट के लिए 40 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन कर रहा है। वर्तमान में, ईवीई और ओलेक्ट्रा ग्रीनटेक लिमिटेड देश पुणे , हैदराबाद, गोवा, देहरादून, सूरत अहमदाबाद, सिलवासा और नागपुर में इलेक्ट्रिक बसों का संचालन कर रहे हैं।