4 दिन में प्याज के दाम दोगुने, 100 तक पहुंचने की आशंका

4 दिन में प्याज के दाम दोगुने, 100 तक पहुंचने की आशंका

जबलपुर। चुनावी सरगर्मी के बीच जरूरत की चीजों के दाम बढ़ाए जाने से परिवारों का बजट एक बार फिर बिगड़ रहा है। हफ्ते भर के अंदर प्याज के दामों में दोगुने से ज्यादा की बढ़ोत्तरी हो चुकी है। इसी तरह टमाटर के दाम भी लगातार बढ़ रहे हैं। अदरक,लहसुन तो महंगे होने का जैसे रिकॉर्ड ही बना रहे हैं। बताया जाता है कि नासिक से आने वाली प्याज की आवक में कमी के चलते प्याज के दाम बढ़े हैं जो कि अभी महीने भर तक नई फसल आने तक तेज ही रहेंगे। जल्द ही प्याज 100 रुपए किलो तक पहुंच सकती है। फिलहाल ये 60 से 70 रुपए किलो मिल रही है।

टमाटर 40 रुपए

कुछ दिन पहले तक 15 से 20 रुपए किलो मिलने वाल टमाटर 40 रुपए किलो हो गया है। हालाकि इसके दाम जल्द नियंत्रण में आ जाएंगे ऐसा बताया जा रहा है। त्योहार के चलते आवक कम होने से इसके दाम बढ़े बताए जा रहे हैं। लोकल आवक तेज होते ही टमाटर के दाम नीचे आने की संभावना बताई जा रही है।

अदरक-लहसुन ढाई सौ रुपए किलो

हर घर में उपयोग होने वाले अदरक व लहसुन महंगे होने का जैसे रिकॉर्ड बना रहे हैं। दोनों ही करीब ढाई सौ रुपए किलो हैं। इन दोनों के महंगे होने से लोगों ने इनकी खरीद अब पाव से ग्राम में कर ली है। 100 या 50 ग्राम लेकर लोग काम चला रहे हैं।