खेल मंत्री से मिले खिलाड़ी, दो घंटे चर्चा में कहा- दो दिन करो इंतजार

खेल मंत्री से मिले खिलाड़ी, दो घंटे चर्चा में कहा- दो दिन करो इंतजार

नई दिल्ली। भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष और भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह पर यौन उत्पीड़न के आरोपों और इस्तीफे की मांग को लेकर पहलवानों का धरना दूसरे दिन भी जारी रहा। इस बीच, केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने रात को खिलाड़ियों को डिनर पर बुलाया। दो घंटे तक चली चर्चा के बाद खेल मंत्री ने उन्हें महासंघ का जवाब आने तक इंतजार करने की सलाह दी। इससे पहले खेल मंत्रालय ने खिलाड़ियों को आश्वासन दिया, जिस पर पहलवानों ने स्पष्ट किया कि जब तक अध्यक्ष का इस्तीफा नहीं हो जाता, धरना जारी रहेगा। इससे पहले, बजरंग पूनिया ने दावा किया है कि सिंह देश से बाहर भागने की तैयारी में है। मध्यस्थता कर रही कुश्ती खिलाड़ी और भाजपा नेत्री बबीता फोगाट ने कहा कि 72 घंटे के अंदर पहलवानों की समस्या हल हो जाएगी। इस बात पर पहलवानों ने कहा कि वे तब तक प्रदर्शन खत्म नहीं करेंगे, जब तक सिंह को हटा नहीं दिया जाता। वहीं, महासंघ की कार्यकारी समिति और एजीएम 22 जनवरी को अयोध्या में होगी, जिसमें सिंह भी हिस्सा लेंगे।

5-6 लड़कियां हैं सबूत

पहलवानों ने कहा कि उनके पास अध्यक्ष के खिलाफ पर्याप्त सबूत हैं। उनके साथ 5-6 लड़कियां हैं, जिनका यौन शोषण हुआ है। ये उनके खिलाफ पर्याप्त है। लेकिन, वह सबूत सार्वजनिक नहीं करना चाहते हैं। इस बीच पहलवानों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से न्याय दिलाने की गुहार लगाई है।

वृंदा करात को लौटाया

सुबह से ही राजनीतिक दलों के नेता भी पहुंच रहे हैं, लेकिन पहलवानों ने उनसे किनारा कर लिया। वाम नेता वृंदा करात भी पहुंची, लेकिन बजरंग पूनिया ने उनके आगे हाथ जोड़कर कहा कि आप मंच पर न आएं। हम राजनीतिकरण नहीं करना चाहते, इसलिए आप नेतागिरी न करें।

इस्तीफा लेकर रहेंगे, कुश्ती संघ भी भंग करने की मांग

खेल मंत्रालय से बैठक के बाद बजरंग पूनिया, विनेश फोगाट और साक्षी मलिक ने कहा कि वह कुश्ती संघ के अध्यक्ष का इस्तीफा लेकर रहेंगे। उन्होंने दो टूक कहा कि जब तक कार्रवाई नहीं होगी, तब तक धरना जारी रहेगा। वह ठोस कार्रवाई चाहते हैं। वह इस बात की उम्मीद में बैठे हैं कि उन्हें न्याय मिलेगा। पूरे कुश्ती संघ को भंग करना चाहिए।

हरियाणा की खापों ने कहा- हम भी पहलवानों के साथ

दिल्ली की पालम 360 खाप पंचायत के प्रधान सुरेंद्र सिंह सोलंकी ने भी पहलवानों का समर्थन किया है। फोगाट खाप के प्रधान बलवंत नंबरदार का कहना है कि पहलवानों ने देश का नाम रोशन किया है। उनके साथ कुश्ती संघ में ऐसी हरकत होना, सिर को शर्म से झुका देती है। केवल हरियाणा की सभी खापें ही नहीं, बल्कि दूसरे राज्यों की खापें भी शामिल हो सकती हैं।

प्रियंका गांधी ने किया ट्वीट, आरोपों की जांच होना चाहिए

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने संघ के अध्यक्ष सिंह का इस्तीफा मांगा है। वहीं, प्रियंका गांधी ने कहा कि हमारे खिलाड़ी देश की शान हैं। वे देश का मान बढ़ाते हैं। कुश्ती फेडरेशन व उसके अध्यक्ष पर खिलाड़ियों ने शोषण के गंभीर आरोप लगाए हैं। आरोपों की जांच की जाना चाहिए।