बचत घटी और बढ़ गया कर्ज,भारतीयों का बचत स्तर 50 साल के निचले स्तर पर आया

भारतीय रिजर्व बैंक की एक रिपोर्ट से हुआ खुलासा

बचत घटी और बढ़ गया कर्ज,भारतीयों का बचत स्तर 50 साल के निचले स्तर पर आया

 नई दिल्ली। ऐसा कहा जाता है कि भारत में कमाने वाले तेजी से बढ़ रहे हैं। लोगों की आमदनी बढ़ रही है। प्रति व्यक्ति आय भी बढ़ रही है, लेकिन सच्चाई यह है कि भारतीय जो भी कमा रहे हैं, उसे खर्च कर रहे हैं, उड़ा रहे हैं। बचत में काफी कमी हो गई है। स्थिति यह है कि भारत का घरेलू बचत 50 साल के निचले स्तर पर आ गया है। यह कहना है हाउसहोल्ड एसेट और लायबिलिटीज पर रिजर्व बैंक की एक ताजा रिपोर्ट का। रिजर्व बैंक के मुताबिक, साल 2022-23 के दौरान नेट हाउसहोल्ड सेविंग गिर कर 5.1 फीसदी रह गई है। जीडीपी के हिसाब से देखें तो इस साल भारत की शुद्ध बचत गिर कर 13.77 लाख करोड़ रुपए रह गई है। यह बीते 50 साल का न्यूनतम स्तर है। इससे एक साल पहले ही यह 7.2 फीसदी थी। इससे यही कयास लगाए जा रहे हैं कि लोगों की आमदनी में भारी कमी आई है। साथ ही कोरोना काल के बाद लोगों के कंजप्शन में भी बढ़ोतरी हुई है। लोग बचाने के बजाए खर्च ज्यादा करने लगे हैं। बढ़ रही है देनदारी : रिजर्व बैंक की रिपोर्ट से एक चिंताजनक सिगनल भी मिल रहा है। इस रिपोर्ट में कहा गया है कि लोगों की फाइनेंशियल लायबिलिटीज तेजी से बढ़ी है। साल 2022-23 में यह तेजी से बढ़ते हुए जीडीपी के 5.8 फीसदी तक पहुंच गई। जबिक एक साल पहले यह महज 3.8 फीसदी ही थी। इसका मतलब है कि लोग उपभोग उपयोग के लिए ज्यादा लोन लेने लगे हैं। चाहे वे घरेलू सामान खरीद रहे हैं या जमीन, मकान, दुकान आदि खरीद रहे हैं। उल्लेखनीय है कि आजादी के बाद यह दूसरा मौका है, जबकि लोगों की फाइनेंशियल लायबिलिटीज इतनी तेजी से बढ़ी हैं। इससे पहले साल 2006-07 में यह दर 6.7 फीसदी थी।

बढ़ती महंगाई बड़ा कारण

आरबीआई की रिपोर्ट पर गौर करें तो बचत घटने और कर्ज बढ़ने के पीछे बढ़ती महंगाई का बड़ा हाथ है। रिजर्व बैंक ने जो हाउसहोल्ड एसेट और लायबिलिटीज के आंकड़े जारी किए हैं, वह अर्थव्यवस्था की तत्काल विकास क्षमता के बारे में चिंता पैदा करते हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि प्राइवेट कंजप्शन या निजी उपभोग से ग्रोथ को मिलने वाला समर्थन अनुमान से कमजोर हो सकता है, भले ही निजी पूंजीगत व्यय चक्र में देरी होती दिख रही हो।

नेट हाउसहोल्ड एसेट में भारी गिरावट

रिजर्व बैंक की रिपोर्ट में दी गई जानकारी के मुताबिक, अबसोल्यूट टर्म में देखा जाए तो साल 2020- 21 के मुकाबले 2022-23 के दौरान नेट हाउसहोल्ड एसेट में भारी गिरावट हुई है। साल 2020-21 के दौरान शुद्ध घरेलू संपत्ति 22.8 लाख करोड़ रुपए की थी, जो साल साल 2021-22 में तेजी से घटते हुए 16.96 लाख करोड़ रुपए तक गिर गई। साल 2022-23 में तो यह और घट कर 13.76 लाख करोड़ रुपए ही रह गई। रिपोर्ट में कहा गया है कि इसके उलट फाइनेंशियल लायबिलिटीज की बात करें, तो हाउसहोल्ड डेट या कर्ज बढ़ोतरी ही हो रही है। साल 2021-22 में यह जीडीपी के 36.9 फीसदी थी, जो साल 2022-23 में बढ़ कर 37.6 फीसदी तक पहुंच गई।