पश्चिमी उप्र की 58 सीटों पर वोटिंग पिछले चुनाव से 3% कम पड़े वोट

पश्चिमी उप्र की 58 सीटों पर वोटिंग पिछले चुनाव से 3% कम पड़े वोट

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के पहले चरण में गुरुवार को 11 जिलों की 58 विधानसभा सीटों पर औसतन 60.17 फीसदी मतदान हुआ। इन सीटों पर पिछले चुनाव की तुलना में इस बार तीन प्रतिशत मतदान कम हुआ है। चुनाव के पहले चरण में कुल 623 प्रत्याशी मैदान में हैं। इनमें 73 महिलाएं भी शामिल हैं। पहले चरण के मतदान वाली 58 सीटों में से 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 53 सीटें जीती थीं। जबकि सपा, बसपा ने 2-2 और रालोद ने एक सीट जीती थी। क्षेत्र में भाजपा के दबदबे को देखते हुए इस बार सपा और रालोद ने चुनावी गठबंधन किया है। जिसकी परख गुरुवार को मतदान के साथ हो गई। पहले चरण में योगी सरकार के नौ मंत्री भी चुनावी किस्मत आजमा रहे हैं। इनमें श्रीकांत शर्मा, सुरेश राणा,चौधरी लक्ष्मी नारायण , कपिल देव अग्रवाल, दिनेश खटीक, अतुल गर्ग, अनिल शर्मा, संदीप सिंह, डॉ. जीएस धर्मेश शामिल हैं। चुनाव के दिन सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ट्वीट कर विकास के नाम पर वोट मांगा। रालोद के अध्यक्ष जयंत चौधरी ने वोट नहीं डाला, उन्होंने कहा कि उनके वोट डालने से ज्यादा जरूरी चुनाव प्रचार करना है।

योगी के संदेश पर विजयन का जवाब्

योगी ने कहा- यूपी विधानसभा चुनावों के लिए गुरुवार को पहले चरण के मतदान के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मतदान से पहले एक वीडियो संदेश जारी कर लोगों से भाजपा के पक्ष में मतदान करने के लिए कहा। योगी ने कहा कि अगर इस बार भाजपा सत्ता में नहीं आई तो राज्य को कश्मीर, बंगाल और केरल बनने में देर नहीं लगेगी।

वजयन का जवाब - केरल के सीएम पिनाराई विजयन ने पलटवार किया है। सीएम विजयन ने ट्वीट कर लिखा कि अगर यूपी केरल जैसा हो जाता है, जिसका डर योगी आदित्यनाथ को है, तो देश की सर्वश्रेष्ठ शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधा, समाज कल्याण, उच्च जीवन स्तर और सौहार्द्रपूर्ण समाज को यूपी में स्थापित किया जा सकेगा, जहां जाति और धर्म के नाम पर लोगों की हत्या नहीं होगी।

मणिपुर में तारीखें बदलीं

इलेक्शन कमीशन ने मणिपुर में विधानसभा चुनाव की तारीखें बदल दी हैं। यहां पहले चरण का मतदान 27 फरवरी हो होना था, अब यह 28 फरवरी को होगा। दूसरे फेज की वोटिंग 3 मार्च की जगह 5 मार्च को कराई जाएगी।

  उत्तरप्रदेश विधानसभा चुनाव का प्रथम चरण
58           623                         73
सीटें      प्रत्याशी             महिला उम्मीदवार


कहां कितनी वोटिंग
शामली                       69.42 %
मुजμफरनगर           65.91 %
बुलंदशहर                  63.83 %
बागपत                        63.50 %
मथुरा                            62.90 %
अलीगढ़                       61.37 %
मेरठ                              61.24 %
हापुड़                             60.53 %
आगरा                             60.23 %
गौतमबुद्धनगर               57.04 %
गाजियाबाद                     53.96 %