हैकरों के निशाने पर 12 हजार वेबसाइट्स

हैकरों के निशाने पर 12 हजार वेबसाइट्स

नई दिल्ली। भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (आई4सी) ने 12000 भारतीय सरकारी वेबसाइट को लेकर अलर्ट जारी किया है। यह सरकारी वेबसाइट इंडोनेशियाई हैकर समूह के निशाने पर हैं और इनपर हैकर द्वारा हैक किए जाने का खतरा जताया जा रहा है। आई4सी ने यह अलर्ट भारत सरकार की संस्था कंप्यूटर इमरजेंसी रिस्पांस टीम को जारी किया है। अलर्ट में कहा गया है कि इंडोनेशिया का एक संदिग्ध हैकर समूह देश भर की 12,000 सरकारी वेबसाइटों को निशाना बना सकता है। यह अलर्ट गृह मंत्रालय के भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र द्वारा जारी किया गया है। अलर्ट में संबंधित सरकारी अधिकारियों से निवारक उपाय करने का आग्रह करते हुए कहा गया है कि हैकर्स द्वारा राज्य और केंद्र सरकार की वेबसाइटों को संभावित रूप से टारगेट किया जा रहा है। पिछले साल बड़े पैमाने पर रैनसमवेयर हमले ने एम्स की व्यवस्था को ठप कर दिया था, जिसके अन्य अस्पताल सेवाओं के अलावा केंद्रीकृत रिकॉर्ड पहुंच से बाहर हो गए थे। कुल मिलाकर, 2022 में विभिन्न सरकारी संगठनों पर 19 रैंसमवेयर हमलों की सूचना भारत सरकार को दी गई थी, जो कि पहले की तुलना में लगभग तीन गुना अधिक थी।