28 नवंबर से सबको आवास देने का अभियान :CM

28 नवंबर से सबको आवास देने का अभियान :CM

 भोपाल। मप्र के 67वें स्थापना दिवस पर सीएम शिवराज सिंह चौहान ने जरूरतमंदों को जमीन का टुकड़ा (भूखंड) देने के लिए 28 नवंबर से अभियान चलाने की घोषणा की। उन्होंने कहा- सबको आवास देने का अभियान चलाया जाएगा। विभाजन के समय आए लोगों और अन्य ऐसे व्यक्तियों जिनके अपने मकान नहीं हैं, उन्हें इस महाअभियान में प्रधानमंत्री आवास और मुख्यमंत्री आवास योजना का लाभ देंगे। बड़ी संख्या में सरकारी पदों पर भर्तियां भी की जाएंगी, जिससे बेरोजगारों को रोजगार के अवसर मिल सकेंगे। मुख्यमंत्री लाल परेड ग्राउंड में आयोजित समरोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पहले मप्र की पहचान डकैतों के नाम से होती थी, उनके नाम पर फिल्में भी बनती थीं। आतंकवाद और सिमी जैसे नेटवर्क को हमने ध्वस्त कर मप्र को शांति का टापू बनाया। मप्र में एक समय साढ़े 7 लाख हेक्टेयर सिंचाई क्षमता थी, जो आज 45 लाख हेक्टेयर हो गई है। 2026 में हम इसे 65 लाख हेक्टेयर करने जा रहे हैं। मप्र हिंदुस्तान का पहला राज्य है, जिसने हिंदी में मेडिकल और इंजीनियरिंग की पढ़ाई का निर्णय लिया। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान में 88 लाख लोगों को विभिन्न योजनाओं का लाभ मिला है।

लालटेन प्रदेश अब

24 घंटे दे रहा बिजली सीएम ने कहा- मप्र की पहचान बिना सड़कों वाले राज्य की थी। आज तीन लाख किमी की शानदार सड़कें हैं। मप्र पहले लालटेन प्रदेश कहा जाता था। अब 24 घंटे बिजली देने वाला राज्य है। मप्र कुआं और बावड़ी का पानी पीता था। अब लाखों घरों में सीधे नल कनेक्शन हैं। सवा करोड़ घरों तक जल पहुंचाने का काम हो रहा है।

अनाथ नहीं रहेगा मप्र का कोई बच्चा

मुख्यमंत्री ने कहा कि बालिकाओं की उच्च शिक्षा की फीस प्रदेश सरकार भरवाएगी। यह अभियान लगातार जारी रहेगा। प्रदेश का कोई बच्चा अनाथ नहीं रहेगा। चाहे कोविड से अनाथ हुए बच्चे क्यों न हों, उन्हें मख्यमंत्री बाल आशीर्वाद योजना के तहत नि:शुल्क शिक्षा और रहने की व्यवस्था की जाएगी।

ये भी बोले मुख्यमंत्री

???? मुख्यमंत्री खेत सड़क योजना फिर से प्रारंभ की जाएगी, बीच में ये योजना बंद कर दी गई थी।

???? जन्मदिन, शादी की सालगिरह पर पेड़ लगाएं, बिजली फिजूलखर्ची रोक ऊर्जा की बचत करें।

???? मप्र की ग्रोथ देश में सर्वाधिक 19.74% है। प्रति व्यक्ति आय 13 हजार से बढ़कर 1.37 लाख हुई।

7 नवंबर तक हर दिन कार्यक्रम

इस बार मप्र स्थापना दिवस लगातार 7 दिन तक मनाया जाएगा। इसके तहत 2 नवंबर को लाड़ली लक्ष्मी योजना की राशि वितरित होगी। 3 नवंबर को ऐतिहासिक इमारतों, महापुरुषों की प्रतिमाओं की सफाई और 67 दीप प्रज्ज्वलन होगा। अन्य दिनों में रोजगार दिवस,नाटक, पर्यावरण सुरक्षा व पुरस्कार वितरण होगा।