एग्जिट पोल : मप्र में बराबरी की टक्कर, राजस्थान में भाजपा और छग में कांग्रेस आगे

एग्जिट पोल : मप्र में बराबरी की टक्कर, राजस्थान में भाजपा और छग में कांग्रेस आगे

भोपाल। पांच राज्यों मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, तेलंगाना और मिजोरम में गुरुवार शाम को वोटिंग पूरी हो गई। इसके साथ ही सभी राज्यों के एग्जिट पोल भी सामने आ गए। इनमें से कुछ में साफ तस्वीर सामने नहीं आ रही है, तो कुछ ने किसी एक पार्टी को बहुमत दिया है। मप्र में ज्यादातर एग्जिट पोल अलग- अलग स्थिति बता रहे हैं। वहीं राजस्थान में ज्यादातर एग्जिट पोल में भाजपा जीतती दिख रही है। इसी तरह छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में कांग्रेस बढ़त में है। मिजोरम के 5 एग्जिट पोल आए हैं। इनमें से दो में जोरम पीपुल्स मूवमेंट की सरकार बनती दिख रही है। मध्य प्रदेश में न्यूज 24 और इंडिया टुडे के सर्वे में भाजपा को भारी बहुमत से जीतते दिखाया है। वहीं एबीपीसी वोटर, जन की बात और टाइम्स नाउ ने कांग्रेस को सबसे ज्यादा सीटें अपने एग्जिट पोल में दी हैं। राजस्थान की बात करें तो टाइम्स नाउ, जन की बात और रिपब्लिक ने भाजपा को अच्छे बहुमत के साथ जीतता दिखाया है। वहीं न्यूज 24 और इंडिया टुडे एक्सिस के सर्वे ने कांग्रेस को अच्छी बढ़त दिखाई है। छत्तीसगढ़ में यह आंकड़ा कांग्रेस के पक्ष में दिख रहा है। वैसे इंडिया टुडे एक्सिस, जन की बात और एबीपी-सीवोटर ने भाजपा जीतता दिखाया है, लेकिन इन्हीं के सर्वे में कांग्रेस को भाजपा से ज्यादा सीटें जीतते भी दिखाया गया है।