विपक्षियों को एकजुट करेंगे खड़गे, राहुल और नीतीश

विपक्षियों को एकजुट करेंगे खड़गे, राहुल और नीतीश

नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने अगले लोकसभा चुनाव में भाजपा के खिलाफ व्यापक विपक्षी एकजुटता सुनिश्चित करने के मकसद से बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के साथ मंत्रणा की। यह तय किया गया कि विपक्षी दलों को एक मंच पर लाने के साथ साथ देश के लिए विपक्ष का दृष्टिकोण सामने रखा जाएगा। बैठक के बाद जद (यू) ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में नीतीश कुमार विपक्षी एकता के सूत्रधार साबित होंगे। खड़गे के आवास पर दोपहर के भोज पर हुई इस बैठक में खड़गे, नीतीश, राहुल गांधी और तेजस्वी के अलावा जद (यू) के अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह, बिहार सरकार के मंत्री संजय झा, राजद के सांसद मनोज झा, कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद और बिहार प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह भी मौजूद थे। 

1विपक्षी दल एकजुट होकर लड़ेंगे आने वाला चुनाव

कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने कहा कि आगे सभी विपक्षी दलों को एकजुट करना है। हमने यहां पर ऐतिहासिक बैठक की है और कई मुद्दों पर चर्चा की है। हम सभी ने मिलकर तय किया कि सभी पार्टियों को एकजुट करना है और आने वाले चुनाव में एकजुट होकर लड़ना है। खड़गे ने ट्वीट किया, संविधान सुरक्षित रखेंगे, और लोकतंत्र बचाएंगे। राहुल गांधी और हमने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव व अन्य नेताओं से मुलाकात की।

अभी पता नहीं कितने दल इस मुहिम में आएंगे साथ

यह पूछे जाने पर कि कितने दल साथ आएंगे तो बिहार के मुख्यमंत्री ने कहा, जिस दिन बैठेंगे, उस दिन जानिएगा। बहुत ज्यादा लोग इकट्ठा होंगे। बाद में जद(यू) ने अपने आधिकारिक हैंडल से ट्वीट किया, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपने तीन दिवसीय दिल्ली दौरे पर हैं। दिल्ली में नीतीश विपक्षी पार्टियों के प्रमुख नेताओं से मुलाकात कर रहे हैं। इसी क्रम में उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे एवं कांग्रेस नेता राहुल गांधी जी से मुलाकात की।