ममता ने प. बंगाल और पंजाब में मान ने अकेले लोस चुनाव लड़ने की घोषणा की

विपक्ष के इंडिया गठबंधन में पड़ सकती है दरार

ममता ने प. बंगाल और पंजाब में मान ने अकेले लोस चुनाव लड़ने की घोषणा की

कोलकाता। विपक्षी दलों के गठबंधन इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस (इंडिया) को बड़ा झटका देते हुए पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और पंजाब के सीएम ने अपने राज्यों में अकेले लोकसभा चुनाव लड़ने की घोषणा की है। टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी ने बुधवार को घोषणा की है कि उनकी पार्टी ने आगामी लोकसभा चुनाव राज्य में अकेले लड़ने का फैसला किया है। बनर्जी ने कांग्रेस और टीएमसी के बीच सीटों के बंटवारे पर चल रहे टकराव के बीच कहा, मैंने उन्हें (कांग्रेस) सीटों के बंटवारे पर एक प्रस्ताव दिया था, लेकिन उन्होंने शुरू में ही इसे नकार दिया। हमने बंगाल में अकेले चुनाव लड़ने का फैसला किया है। टीएमसी ने 2019 के लोकसभा चुनाव में राज्य में 22 सीटें, कांग्रेस ने दो और भाजपा ने 18 सीटें जीती थीं।

कांग्रेस को केवल दो सीटें दी थीं पश्चिम बंगाल में

सूत्रों के अनुसार, ममता की पार्टी की ओर से कांग्रेस के 2019 के लोकसभा चुनाव के प्रदर्शन को देखते हुए उसे केवल दो सीट देने की पेशकश की गई है जिसके लेकर दोनों दलों के बीच खींचतान बढ़ गई है। टीएमसी, कांग्रेस, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) 28 विपक्षी दलों के गठबंधन इंडिया का हिस्सा हैं। बनर्जी ने यह भी कहा कि पार्टी का राज्य में कांग्रेस से कोई रिश्ता नहीं होगा। उनकी ये टिप्पणियां कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में भारत जोड़ो न्याय यात्रा के पश्चिम बंगाल में प्रवेश करने के एक दिन पहले आई है। उन्होंने कहा, कांग्रेस को अपने दम पर 300 सीटों पर चुनाव लड़ने दीजिए। इसे कुछ क्षेत्र पूरी तरह क्षेत्रीय दलों के लिए छोड़ने चाहिए। क्षेत्रीय दल एकजुट हैं और बाकी सीटों पर चुनाव लड़ सकते हैं। ममता ने हाल में ऐसी ही टिप्पणी की थी जहां उन्होंने कुछ क्षेत्रों में भाजपा के खिलाफ लड़ाई का नेतृत्व करने के क्षेत्रीय नेताओं के विचार का समर्थन किया था।

अधीर बोले भीख नहीं मांगेंगे:

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष व टीएमसी के मुखर आलोचक अधीर चौधरी ने कहा कि उनकी पार्टी राज्य की टीएमसी से सीटों के लिए भीख नहीं मांगेगी।

पंजाब में आप का कांग्रेस से कोई समझौता नहीं

नई दिल्ली। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि राज्य में आम आदमी पार्टी (आप) सभी सीटों पर अकेले लोकसभा चुनाव लड़ेगी। मान ने बुधवार को कहा, पंजाब में हमारा कांग्रेस से कोई समझौता नहीं है। आप पंजाब में सभी 13 लोकसभा सीटों पर चुनाव जीतेगी। उन्होंने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के अकेले लोकसभा चुनाव लड़ने के सवाल पर कहा कि यह उनका काम है। उन्होंने कहा कि हो सकता है कि पश्चिम बंगाल में सीटों के बंटवारे को लेकर ममता बनर्जी की कोई बात चल रही हो, लेकिन पंजाब में आप अकेले चुनाव लड़ेगी। ममता बनर्जी के अकेले लड़ने की घोषणा के बाद आप नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा कि बंगाल में सीट बंटवारा जटिल है, लेकिन सुलझा लिया जाएगा।

ममता के बिना इंडिया की कल्पना नहीं : जयराम रमेश

बोंगाईगांव (असम)। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की घोषणा के बाद कांग्रेस ने कहा कि ममता के बिना इंडिया की कल्पना नहीं की जा सकती। पार्टी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान असम के उत्तरी सलमारा में कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने उम्मीद भी जताई कि पश्चिम बंगाल में विपक्षी गठबंधन इंडिया एकसाथ चुनाव लड़ेगा।

राहुल की यात्रा में भाग लेने की संभावना नहीं

भारत जोड़ो न्याय यात्रा के 25 जनवरी को पश्चिम बंगाल में प्रवेश करने पर टीएमसी के इसमें भाग लेने की संभावना नहीं है। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने यह जानकारी दी। तृणमूल कांग्रेस के नेता ने कहा, हमें कांग्रेस से कोई औपचारिक निमंत्रण नहीं मिला है और अगर हमें मिलता भी है तो हमारे इसमें शामिल होने की संभावना नहीं है।