10 करोड़ शेयरचैट के 6.5 करोड़ रोपोसो के यूजर्स

10 करोड़ शेयरचैट के 6.5 करोड़ रोपोसो के यूजर्स

नई दिल्ली। भारत सरकार द्वारा चीनी एप्स पर बैन लगाने का सीधा फायदा अब देश में बने एप्स को मिल रहा है। इन एप्स की डाउनलोडिंग करोड़ों में पहुंच गई है। बैन के बाद जिन एप्स को देश में सबसे ज्यादा पसंद किया जा रहा है उनमें सबसे आगे हैं शेयरचैट, रोपोसो, चिंगारी, मित्रों व बोलो इंडेया। मित्रों एप ने अपनी लॉन्चिंग के साथ ही देश में काफी पॉप्युलैरिटी पाई थी। जिस दिन भारत सरकार ने चीनी एप्स पर बैन लगाया उसके बाद इसके ट्रैफिक में 11 गुना की वृद्धि देखी गई। देश में इस एप को 1.7 करोड़ यूजर्स बन गए हैं। कंपनी द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार यूजर्स ने 10 भारतीय भाषाओं में लाखों वीडियो अपलोड किए हैं। इस एप पर देखे जाने वाले वीडियोज में भी भारी वृद्धि हुई है। करीब 2.4 करोड़ यूजर्स इस एप पर हर घंटे वीडियोज देख रहे हैं। शेयरचैट इस पूरी रेस में सबसे आगे दिखाई दे रहा है। इस एप को 10 करोड़ यूजर्स ने डाउनलोड किया है। ऐसा ही बोलो इंडेया के साथ भी हुआ है। इस एप ने भी बैन के 24 घंटे के अंदर ही बड़ी वृद्धि दर्ज की है। बैन के 24 घंटे के अंदर ही 2.5 लाखयूजर्स ने इस एप को इंस्टॉल किया। यह 87 फीसदी की वृद्धि थी। इसके साथ ही टिकटॉक के अनेक यूजर्स रोपोसो की तरफ चले गए। इससे रोपोसो गूगल प्ले स्टोर का सबसे ज्यादा डाउनलोडेड फ्री एप बन गया है। वर्तमान में इस एप के देश में 6.5 करोड़ यूजर्स हो गए हैं। इसके साथ ही शॉर्ट वीडियो बनाने के प्लेटफॉर्म चिंगारी को भी बड़ी सफलता हाथ लगी है। इस एप को 1 करोड़ यूजर्स ने डाउनलोड किया है।

मेड इन इंडिया एप kElymentl लॉन्च

रविवार को देश का पहला ऑफिशल सोशल मीडिया एप एलीमेंट लॉन्च हो गया। देश के उपराष्ट्रपति वैंकेया नायडू ने नए सोशल मीडिया एप को लॉन्च किया। इस एप को एक हजार से ज्यादा आईटी प्रोफेशनल्स ने डेवलप किया है। ये प्रोफेशनल्स श्री श्री रविशंकर की संस्था 'आर्ट ऑफ लिविंग' के वॉलिंटियर्स भी हैं। उपराष्ट्रपति वैंकेया नायडू ने एप लॉन्च करते समय कहा, भारत एक आईटी पावरहाउस है और हमारे पास इस क्षेत्र में दुनिया के कुछ सबसे जाने-पहचाने लोग हैं। हमें आने वाले समय में इस तरह के और इनोवेशन करने चाहिए। सोशल मीडिया की दुनिया में इस एप को फेसबुक, वॉट्सएप जैसे एप से टक्कर मिलेगी।