66 अवैध कॉलोनियों का लेआउट फाइनल अधिसूचना जारी कर मांगी आपत्तियां

66 अवैध कॉलोनियों का लेआउट फाइनल अधिसूचना जारी कर मांगी आपत्तियां

ग्वालियर। प्रदेश शासन द्वारा अवैध कॉलोनियों को वैध करने वाले अभियान के चलते दूसरे चरण में 66 कॉलोनियों का विकास शुल्क तय कर लेआउट फाइनल कर दिया गया है। साथ ही 15 दिन की आम अधिसूचना जारी कर लोगों से आपत्तियां मांगी गई हैं। उल्लेखनीय है कि निगम द्वारा पहले चरण में 110 कॉलोनियों को वैध किया जा चुका है। अवैध कॉलोनियों को वैध करने की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है। नगर निगम में 31 दिसम्बर 2016 तक अवैध कॉलोनियों की संख्या 696 थी, जिसमें से अवैध से वैध की जाने वाली पात्र कॉलोनियों की संख्या 429 है व अपात्र कॉलोनियों की संख्या 267 है। निगम द्वारा फरवरी 2022 में 429 अवैध कॉलोनियों को वैध करने के लिए सार्वजनिक सूचना का प्रकाशन किया गया है। जिसमें ग्वालियर विधानसभा की 99, ग्वालियर पूर्व की 139, ग्वालियर दक्षिण की 138 एवं ग्वालियर ग्रामीण की 53 कॉलोनियां शामिल हैं। 200 कॉलोनियों का तैयार हो रहा है लेआउट प्लान नगर निगम द्वारा 200 कॉलोनियों के लेआउट प्लान तैयार किए गए हैं। शेष कॉलोनियों का सर्वेक्षण कर लेआउट प्लान तैयार किए जा रहे हैं। अवैध को वैध कॉलोनी करने के उद्देश्य से 110 अवैध कॉलोनियों का प्रकाशन 10 अक्टूबर 2022 को किया गया था और लेआउट को स्वीकृत कर एबीपीएएस 2 से आॅनलाइन भवन अनुमति 9 दिसंबर 2022 को आदेश होने के बाद दी जा रही है।

चारों विधानसभा में हैं अवैध कॉलोनियां

निगम द्वारा अब जिन 66 अवैध कॉलोनियों का लेआउट फाइनल किया गया है। उनमें ग्वालियर विधानसभा की 22, ग्वालियर पूर्व विधानसभा की 21, ग्वालियर दक्षिण विधानसभा की 16 एवं ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र की 7 कॉलोनियां शामिल हैं।

दूसरे चरण में 66 कॉलोनियों में भवन निर्माण अनुमति के लिए विकास शुल्क तय कर लेआउट को फाइनल कर दिया गया है। साथ ही 15 दिन की अधिसूचना जारी कर दावे आपत्तियां मांगी गई है। महेन्द्र अग्रवाल,कॉलोनी सेल प्रभारी, नग निगम ग्वालियर