इंडिया पर महाभारत

इंडिया पर महाभारत

नई दिल्ली। जी20 से संबंधित डिनर के इनविटेशन कार्ड पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू प्रेसिडेंट ऑफ भारत (भारत की राष्ट्रपति) के तौर पर संबोधित किए जाने को लेकर मंगलवार को सियासत गर्मा गई। विपक्ष ने आरोप लगाया कि सरकार देश के दोनों नामों इंडिया और भारत में से इंडिया को बदलना चाहती है। वहीं, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने नाम बदलने की खबरों को अफवाह बताया है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने विश्व नेताओं के जी20 शिखर सम्मेलन के आयोजन स्थल भारत मंडपम में शनिवार के लिए राष्ट्रपति की ओर से आयोजित जी20 डिनर का निमंत्रण पत्र एक्स पर साझा किया। प्रधान ने खुद को मिले निमंत्रण की तस्वीर शेयर करते हुए प्रेसीडेंट ऑफ भारत हैशटैग का इस्तेमाल किया और कहा, जन गण मन अधिनायक जय हे, भारत भाग्य विधाता। जी20 शिखर सम्मेलन 9 से 10 सितंबर तक दिल्ली में आयोजित किया जा रहा है।

  यह खबर वास्तव में सच है। राष्ट्रपति भवन ने जी20 शिखर सम्मेलन में 9 सितंबर के लिए प्रेसिडेंट ऑफ इंडिया के बजाय प्रेसिडेंट ऑफ भारत के नाम पर निमंत्रण भेजा है। अब, संविधान के अनुच्छेद-1 में पढ़ा जा सकता है: भारत जो इंडिया था, राज्यों का एक संघ होगा। लेकिन, अब राज्यों के संघ पर भी हमले हो रहे हैं। - जयराम रमेश, कांग्रेस महासचिव

     अब टीम इंडिया नहीं टीम भारत कहिए। मैं जय शाह से अपील करता हूं वर्ल्डकप में भारतीय क्रिकेट टीम की जर्सी में भारत नाम लिखें। - वीरेंद्र सहवाग, पूर्व क्रिकेटर

     हम सभी जानते हैं कि इंडिया ही भारत है, लेकिन दुनिया हमें इंडिया के नाम से जानती है। - ममता बनर्जी, सीएम, बंगाल

प्रेसिडेंट ऑफ इंडिया शब्द का उपयोग करने में क्या दिक्कत है, क्योंकि देश का नाम तो भारत ही है। कांग्रेस हर चीज को विकृत किए जाने के तौर पर देखती है। कभी वे सनातन धर्म को खत्म करने की बात करते हैं। मुझे नहीं लगता कि इसमें (भारत शब्द के उपयोग में) कोई समस्या है। अगर हम भारत का नाम भारत नहीं रखेंगे, तो और क्या करेंगे। - राजीव चंद्रशेखर, केंद्रीय मंत्री

संविधान विशेषज्ञ बोले

अगर देश का अंग्रेजी नाम इंडिया खत्म करके सिर्फ भारत करना है, तो इसके लिए संविधान संशोधन करना पड़ेगा। इसके लिए एक विधेयक लाना होगा और दोत् िाहाई बहुमत से पारित करना पड़ेगा। - विराग गुप्ता, सीनियर एडवोकेट

SC ने की थी टिप्पणी

वर्ष 2015 में एक जनहित याचिका में भारत को भारत गणतंत्र करने की मांग की थी। केंद्र ने इसका विरोध किया था। इस पर 2016 में सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि नागरिक ‘इंडिया’ या ‘भारत’ कहने के लिए स्वतंत्र हैं।

एक्स पर ट्रेंड किया भारत

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर मंगलवार को ‘भारत’ कीवर्ड सबसे अधिक बार सर्च किया गया। यह एक रिकॉर्ड बन चुका है। दुनिया भर के यूजर्स ने एक ही दिन में 4.74 लाख बार भारत शब्द का इस्तेमाल पोस्ट में किया।

प्रेसिडेंट ऑफ भारत जैसा कुछ नहीं है। संविधान का अनुच्छेद 52 पद का नाम प्रेसिडेंट ऑफ इंडिया देता है। इसलिए प्रेसिडेंट ऑफ भारत और कुछ भी हो सकता है, लेकिन संविधान के अनुरूप नहीं है। -पीडीटी आचारी, पूर्व महासचिव, लोस

दो कार्ड हो रहे वायरल :

एक्स पर दो कार्ड शेयर किए गए। एक में पीएम की बीते अगस्त की ग्रीस और द.अफ्रीका यात्रा तथा दूसरे में 7 सितंबर से होने वाली इंडोनेशिया यात्रा के कार्ड पर ‘प्राइम मिनिस्टर ऑफ भारत’ लिखा गया है। इसे संबित पात्रा, जयराम रमेश ने एक्स पर शेयर किया है।