रूस ने बाइडेन समेत 13 नेताओं को बैन किया

रूस ने बाइडेन समेत 13 नेताओं को बैन किया

मॉस्को/कीव। रूस-यूक्रेन के बीच जंग के 20वें दिन रूस ने अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन समेत 13 अमेरिकी नेताओं के अपने देश आने पर पाबंदी लगा दी है। बाइडेन के अलावा विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन, रक्षा मंत्री लॉयड आॅस्टिन और पूर्व विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन पर भी प्रतिबंध लगाया गया है। वहीं,रूस ने दावा किया है कि खेरसोन पर उसने कब्जा कर लिया है। मंगलवार को ही यूरोपियन यूनियन के कुछ नेताओं ने कीव का दौरा भी किया। इस बीच पूर्व अमेरिकी सैन्य अधिकारी ने दावा किया है कि रूस के पास सिर्फ दस दिन का ही गोला-बारूद बचा है।

अमेरिकी संसद को संबोधित करेंगे जेलेंस्की

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोल्दोमीर जेलेंस्की बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अमेरिकी कांग्रेस (अमेरिकी संसद) को संबोधित करेंगे। संसद की स्पीकर नैन्सी पेलोसी ने सीनेट में इसकी घोषणा की। कई डेमोक्रेट सांसदों का मानना है कि इससे राष्ट्रपति जो बाइडेन पर कीव की मदद के लिए फाइटर जेट्स भेजने का दबाव बढ़ाने का मोमेंटम बनेगा।

यूके ने बढ़ाए प्रतिबंध

यूनाइटेड किंगडम 370 नए रूसी व्यक्तियों पर प्रतिबंध लगाने की तैयारी कर रहा है। इनमें 50 उच्च आय वर्ग और उनके परिवार शामिल हैं। इनकी कुल आय 100 अरब पाउंड से भी अधिक है। यूक्रेन पर हमले के बाद से रूस के 1000 से अधिक लोगों और संस्थाओं को निशाना बनाया जा रहा है। इनमें रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और रक्षा मंत्री सर्गी शोइगु भी शामिल हैं। यूके सरकार ने रूस के महंगे लग्जरी उत्पादों के निर्यात पर प्रतिबंध का एलान किया है। इसमें वोदका जैसे प्रमुख रूसी उत्पादों पर आयात शुल्क भी बढ़ाया गया है।

अंतरिक्ष में रूस से साझेदारी चलती रहेगी

नासा के प्रवक्ता डैन हुओट ने कहा कि नासा इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन के सुरक्षित संचालन के रूसी स्पेस एजेंसी रोस्कोस्मोस के साथ काम करना जारी रखे हुए है। अंतरिक्ष में चल रहे और ग्राउंड स्टेशन के संचालन के लिए एजेंसी के सपोर्ट में बदलाव का कोई प्लान नहीं है।

यूरोप में फिर कोरोना फैलने का खतरा बढ़ा

जंग से यूरोप में कोरोना का खतरा बढ़ गया है। 20 लाख से ज्यादा यूक्रेनी शरणार्थी यूरोपीय देशों में पहुंचे हैं, ज्यादातर का वैक्सीनेशन नहीं हुआ। यूक्रेन और आसपास के देशों में 3 से 9 मार्च के बीच कोरोना के कुल 7,91,021 नए मामले सामने आए और 8,012 नई मौतें दर्ज की गई हैं।