मांगों को निगमायुक्त ने पूरा करने दिया भरोसा, कर्मियों की हड़ताल स्थगित

मांगों को निगमायुक्त ने पूरा करने दिया भरोसा, कर्मियों की हड़ताल स्थगित

जबलपुर । नगर निगम में मंगलवार से कर्मचारियों द्वारा की जाने वाली हड़ताल को स्थगित कर दिया गया है। इस संंबंध में कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधिमंडल ने निगमायुक्त अनूप कुमार सिंह से मुलाकात की और उनसे अपनी मांगों पर चर्चा की जिसमें निगमायुक्त ने मांगे मानते हुए शीघ्र ही क्रियान्वयन का भरोसा दिलाया है। मुख्य मांगों में रिटायर कर्मचारियों के भुगतान के लिए 2 करोड़ रुपए स्वीकृत कर दिए गए हैं शेष राशि डेढ़ करोड़ चुंगी क्षतिपूर्ति राशि आने के बाद दी जाएगी।अन्य मांगों में राजस्व कर्मियों से सिर्फ राजस्व का काम लिए जाने पर निगमायुक्त ने इसे उचित बताते हैं एक माह में यह व्यवस्था दुरुस्त करने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि राजस्व से ही सभी व्यवस्थाएं होती है लिहाजा राजस्व कर्मियों से सिर्फ राजस्व वसूली का काम ही लिया जाना चाहिए। इसके अलावा कर्मचारियों को चिकित्सा क्षतिपूर्ति भत्ता भी जल्द देने का भरोसा उन्होंने दिया है।

अन्य विभाग के आदेश नहीं माने जाएंगे

कर्मचारी नेता राम दुबे ने बताया कि निगमायुक्त से इस मसले पर भी चर्चा की गई है कि अन्य विभागों के अधिकारी किसी भी कर्मचारी की तैनाती उसके मूल विभाग से हटकर करवा देते हैं जिससे व्यवस्थाओं पर असर आता है। नई व्यवस्था के तहत अब किसी भी अधिकारी का आदेश कर्मचारी नहीं मानेंगे जब तक कि खुद निगमायुक्त आदेश नहीं देंगे।