अरुणाचल के कामेंग सेक्टर में एवलॉन्च की चपेट में आए 7 जवान, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

अरुणाचल के कामेंग सेक्टर में एवलॉन्च की चपेट में आए 7 जवान, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

ईटानगर। अरुणाचल प्रदेश के कामेंग सेक्टर के ऊंचाई वाले इलाके में सेना का एक गश्ती दल एवलॉन्च (हिमस्खलन) की चपेट में आ गया। इसमें 7 जवानों के फंसे होने की खबर है, घटना रविवार की है। सेना का कहना है कि जवानों को सुरक्षित निकालने के लिए सेना ने रेस्क्यू आॅपरेशन शुरू कर दिया है। क्षेत्र में कई दिनों से भारी बर्फबारी के साथ मौसम खराब है। सेना के अधिकारियों का कहना है कि सर्दियों में ऊंचाई वाले क्षेत्रों में गश्त करना मुश्किल होता है, जिससे पहले भी कई घटनाएं हो चुकी हैं और हम अपने कई जवानों को खो चुके हैं।

हिमस्खलन का शिकार होते रहे हैं जवान

अक्टूबर 2021 में उत्तराखंड में माउंट त्रिशूल पर एक हिमस्खलन में नौसेना के 5 जवानों की मौत हो गई थी। मई 2020 में सिक्किम में हिमस्खलन की चपेट में आने से सेना के दो जवान शहीद हो गए थे। फरवरी 2020 में केंद्र ने संसद में बताया कि 2019 में सियाचिन ग्लेशियर में हिमस्खलन के कारण सेना के 6 जवानों की मौत हो गई थी। अन्य जगहों पर इसी तरह की घटनाओं में 11 अन्य की मौत हुई थी। केंद्र सरकार ने संसद में यह भी बताया कि ज्यादा ऊंचाई वाले क्षेत्रों में शामिल सभी सशस्त्र बलों के कर्मियों को स्पेशल ट्रेनिंग दी जाती है।