भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा आज आएंगे

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा आज आएंगे

जबलपुर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा का मंगलवार को प्रात: 11 बजे दिल्ली से डुमना विमानतल आगमन होगा।वे स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होकर शहडोल भी जाएंगे और वापस आकर पुन: कार्यक्रमों में हिस्सा लेकर रात में अपनी ससुराल पूर्व सांसद व पूर्व मंत्री जयश्री बेनर्जी के सिविल लाइंस स्थित निवास पर पहुंचेंगे। जानकारी के अनुसार श्री नड्डा डाइट चार्ट फॉलो कर रहे हैं लिहाज वे ससुराल में परिजनों के साथ सादा भोजन क रेंगे। उनके साथ उनकी धर्मपत्नी मल्लिका नड्डा भी आएंगी। श्री नड्डा के आगमन के साथ ही जबलपुर लोकसभा में स्टार प्रचारकों की आवाजाही प्रारंभ हो जाएगी।

ये हैं कार्यक्रम

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नड्डा सुबह 11 बजे विमान द्वारा डुमना विमानतल आएंगे। वे प्रात: 11:30 बजे मानस भवन में आयोजित प्रबुद्ध जन सम्मेलन को संबोधित करेंगे। इसके पश्चात राष्ट्रीय अध्यक्ष शाम 5 बजे शहीद स्मारक गोल बाजार में शक्ति केंद्र प्रमुख, बूथ अध्यक्ष, त्रिदेव सम्मेलन को संबोधित करेंगे। शाम 6 बजे राष्ट्रीय अध्यक्ष भाजपा संभागीय कार्यालय रानीताल पहुंचकर जबलपुर संभाग के क्लस्टर प्रभारियों की कोर कमेटी बैठक में सम्मिलित होंगे।शाम 7बजे राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रेम नगर स्थित पद्मश्री से सम्मानित डॉक्टर एम सी डाबर के निवास स्थान में जाकर उनसे भेंट करेंगे।