सरेंडर की शर्त पर बात को राजी रूस

सरेंडर की शर्त पर बात को राजी रूस

नई दिल्ली/ मॉस्को/कीव/वॉशिंगटन। रूस के हमले के दूसरे दिन ही यूक्रेन ने बातचीत का प्रस्तान मॉस्को भेजा है। लेकिन इस प्रस्ताव पर पुतिन ने कहा कि यूक्रेन की सरकार पहले आत्मसमर्पण करे। उन्होंने कहा रूस यूक्रेन पर कब्जा नहीं करना चाहता। शुक्रवार को भी रूसी हमले जारी रहे। राजधानी कीव में सुबह 7 बड़े धमाके हुए। रूसी सेना से बचने के लिए लोग रात भर घरों, सब-वे और अंडरग्राउंड शेल्टर में छिपे रहे। देश में कई स्थानों पर खाने-पीने की चीजों की कमी हो रही है। इस बीच यूक्रेन के रक्षा मंत्रालय ने नागरिकों से कहा है कि वे रूसी सेना के मूवमेंट के बारे में जानकारी देते रहें। इसके साथ ही उन पर पेट्रोल बम फेंकें। रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने जंग खत्म होने की उम्मीदें भी खारिज कर दी हैं। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने पूरी सेना को युद्ध में उतारने का ऐलान किया है। यूक्रेन ने दावा किया है कि उनकी फोर्सेस ने 1000 से ज्यादा रूसी सैनिकों को मार गिराया है। 30 रूसी टैंक और 7 जासूसी एयरक्राμट को भी तबाह कर दिया है।वहीं कुछ रिपोर्ट्स में कहा गया है कि ब्लैक सी में रूस ने रोमानिया के एक शिप पर मिसाइल हमला किया। रोमानिया नाटो का सदस्य है।

भारतीयों की स्थिति

भारत ने रूस के पड़ोसी देशों के रास्तों से भारतीयों को निकालने का प्लान तैयार किया है। शुक्रवार की शाम को दो μलाइट बूडापेस्ट और बुखारेस्ट जा रही हैं जिनसे लोगों को निकाला जाएगा। वहीं, 470 नागरिक बस से रोमानिया निकले हैं।

प्रदर्शन करने की अपील

यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने दावा किया है कि रूसी सेना राजधानी कीव में दाखिल हो गई है। सेनाएं रिहाइशी इलाकों को टारगेट कर रही हैं, इससे रिहायशी इलाकों में बहुत ज्यादा नुकसान हो रहा है।

चेर्नोबिल प्लांट में रेडिएशन बढ़ा

यूक्रेन के चेर्नोबिल न्यूक्लियर पॉवर प्लांट के पास गुरुवार रात रूसी सेना ने हमले किए। यहां कई धमाके भी हुए। इसके चलते इस एटमी प्लांट में रेडिएशन लेवल बढ़ गया है जिससे नागरिकों को खतरा है।

रूस में ही पुतिन का विरोध

राष्ट्रपति पुतिन को दुनिया के साथ घरेलू नाराजगी का भी सामना करना पड़ रहा है। दर्जनों शहर में लोगों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। वहीं दुनिया के कई शहरों में रूस का विरोध किया गया।

जब्त होगी पुतिन की संपत्ति

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और विदेश मंत्री की यूरोप में संपत्तियों को ईयू द्वारा जब्त किया जाएगा। ईयू का यह कदम रूस के खिलाफ प्रतिबंधों को लगाने के तहत उठाया जाएगा।

सीएम हेल्पलाइन पर 122 लोगों की सूचनाएं

भोपाल। यूक्रेन में मध्य प्रदेश के नागरिकों के होने की 122 सूचनाएं प्राप्त हुई हैं। इसके बाद लोगों को भारतीय दूतावास वॉरसा द्वारा हंगरी तथा रोमानिया से निकासी के लिए सीमा पोस्ट ऊझोरोड और चेरनेविस्टी तथा भारतीय दूतावास कीव पोलेंड से निकासी के लिए सीमा पोस्ट क्रकोविच की जारी एडवाइजरी से अवगत कराया गया। दोनों दूतावास के द्वारा निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन करते हुए सुरक्षा को ध्यान में रख, कार्यवाही किए जाने की समझाईश सम्बन्धितों को दी गई है। इस संबंध में भारत सरकार से गृह विभाग, मप्र शासन सतत सम्पर्क में है।

रूस ने फेसबुक पर आंशिक पाबंदी लगाई

ब्रुसेल्स। फेसबुक ने हाल ही में यूक्रेन पर रूस की सैन्य कार्रवाई के मद्देनजर क्रेमलिन समर्थित मीडिया पर रोक लगा दी थी। अब रूस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए फेसबुक पर आंशिक पाबंदी लगा दी है। रूसी अधिकारियों ने कहा कि शुक्रवार को यह पाबंदी तत्काल लागू हो गई है। रूसी मीडिया की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की गई है। फेसबुक को मानवाधिकारों और स्वतंत्रता व नागरिकों के अधिकारों के उल्लंघन में शामिल पाया।

विदेश मंत्री ने यूक्रेन के समकक्ष से की बात

विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने यूक्रेन के विदेश मंत्री दिमित्रो कुलेबा से बात की। उन्होंने वर्तमान स्थिति का अपना आकलन साझा किया। वे बोले भारत कूटनीति और बातचीत का समर्थन करता है।

मोदी युद्ध रोकने की कोशिश कर रहे हैं : हेमा

यूपी में चुनाव प्रचार के दौरान मथुरा से सांसद हेमा मालिनी ने कहा कि पीएम मोदी युद्ध रोकने की कोशिश कर रहे हैं। पूरे विश्व के नेता चाहते हैं कि मोदी इस मामले में आगे आएं।

यूक्रेन के राष्ट्रपति ने कहा- जरूरत के वक्त सबने साथ छोड़ा

यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा कि उन्होंने अमेरिका और नाटो देशों से ये उम्मीद जताई थी कि रूस के खिलाफ जंग में वो मदद करेंगे, लेकिन अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने यूक्रेन में सेना भेजने से इनकार कर दिया। दुनिया ने हमें अकेला छोड़ दिया।

रूस और यूक्रेन के दावे

रूस ने कहा कि यूक्रेन के 14 इलाकों में 203 हमले किए गए। 83 लैंड बेस्ड टारगेट हिट किए गए। रूसी सेनाओं ने चेर्नोबिल न्यूक्लियर प्लांट पर कब्जा कर लिया है। कीव के नजदीक यूक्रेनी एयरबेस पर भी रूस का कब्जा है।

यूक्रेन ने दावा किया है कि उनकी सेना ने रूस के 7 जासूसी एयरक्राμट, 6 हेलिकॉप्टर, 30 टैंक तबाह कर दिए हैं। उनकी सेना ने 1000 से ज्यादा रूसी सैनिकों को मार गिराया है।