पाक पीएम का ऐलान- रोज करना होगा 10 घंटे काम, कर्मचारी नाराज

पाक पीएम का ऐलान- रोज करना होगा 10 घंटे काम, कर्मचारी नाराज

इस्लामाबाद। पाकिस्तान के नए पीएम का पदभार संभालते ही शहबाज शरीफ ने घोषणा की है कि पाकिस्तान में अब लोगों को रोजाना 10 घंटे काम करना होगा और देश में 6 दिनों का वर्किंग वीक होगा। इस ऐलान के साथ ही पाकिस्तान 60 घंटे का सबसे लंबा वर्किंग वीक रखने वाले दुनिया के गिने-चुने देशों में से एक बन गया। पाकिस्तान सरकार ने ऐसा करके जनता की उस लोकप्रिय मांग के खिलाफ काम किया है, जो वहां पर काम के घंटे कम करने की डिमांड कर रही है। दुनिया के कई देश भी अपने कर्मचारियों में तनाव कम करने के लिए काम के घंटे कम करने का प्रयोग कर रहे हैं।

अधिकतर देशों में 40 घंटे का एवरेज वर्किंग वीक

अधिकतर देशों में एवरेज वर्किंग वीक 40 घंटे का होता है। कहां पर वर्किंग वीक कितना लंबा होगा, यह किसी क्षेत्र या उद्योग पर भी निर्भर करता है। Penn World Table के मुताबिक दक्षिण पूर्व एशिया में कंबोडिया में प्रति सप्ताह 47.6 का सबसे लंबा एवरेज वर्किंग वीक होता है। कंबोडिया के बाद म्यांमार (47.1), बांग्लादेश (46.5), सिंगापुर (44.8) और मलेशिया (42.3) का नंबर आता है।

दुनिया में सबसे छोटा वर्किंग वीक जर्मनी का

वहीं आर्थिक सहयोग और विकास संगठन (ओईसीडी) के डेटा के मुताबिक, दुनिया में सबसे छोटा वर्किंग वीक जर्मनी का होता है। वहां पर वर्किंग वीक केवल 25.6 घंटे का होता है। इसके बाद डेनमार्क (25.9), यूनाइटेड किंगडम (26.29), नॉर्वे (26.3) और नीदरलैंड (26.9) का नंबर आता है। संयोग से, डेनमार्क, नॉर्वे और नीदरलैंड हैप्पीनेस इंडेक्स में भी हाई रैंक पर हैं।

भारत में 48 घंटे का है एवरेज वर्किंग वीक

भारत की बात की जाए तो दिसंबर 2021 में इंटरनेशनल लेबर आॅर्गनाइजेशन की ओर से प्रकाशित रिपोर्ट के मुताबिक यहां पर एवरेज वर्किंग वीक 48 घंटे का होता है।

काम के घंटे तय करना चुनौतीपूर्ण काम

किसी भी देश में काम के औसत घंटे तय करना चुनौतीपूर्ण काम होता है। इसके लिए यह तय करना पड़ता है कि काम क्या है और वर्कर किसे माना जाए। हालांकि आंकड़े बताते हैं कि जिन देशों में इनकम का लेवल अच्छा है, वहां पर विकासशील देशों की तुलना में काम के घंटे कम हैं। सूची में यूरोप के देशों का नंबर ऊपर है। वहीं सबसे लंबे वर्किंग वीक वाले देशों में एशियाई देश शामिल हैं।

कई देशों में 4 दिन के वर्किंग वीक की शुरुआत

कई देशों ने 4 दिवसीय वर्किंग वीक की शुरुआत की है। यूएई ने नए साल की शुरुआत साढ़े चार दिन के वर्किंग वीक से की है। हाल में बेल्जियम भी साढ़े चार दिन का वर्किंग वीक रखने वाले देशों की सूची में शामिल हो गया है। आइसलैंड, स्कॉटलैंड, स्वीडन, स्पेन, जर्मनी और जापान की कुछ कंपनियां भी 4 दिवसीय वर्किंग वीक का ट्रायल कर रही हैं।