स्व. बैनर्जी ने पदचिन्ह बनाए, उनके सपनों के राष्ट्र निर्माण का लें संकल्प

स्व. बैनर्जी ने पदचिन्ह बनाए, उनके सपनों के राष्ट्र निर्माण का लें संकल्प

जबलपुर। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को राष्ट्रवादी विचारक स्व. सुभाष चंद्र बैनर्जी की प्रतिमा का अनावरण किया। उन्होंने कहा कि स्व. बैनर्जी ने जैसा राष्ट्र बनाने का सपना देखा, उस दिशा में हम प्रयास करने का संकल्प लें। वे ऐसे व्यक्ति थे, जो किसी के पद चिन्हों पर नहीं चले, बल्कि खुद पद चिन्हों का निर्माण किया।

प्रतिमा के अनावरण के बाद मानस भवन में स्व. बैनर्जी की जन्म शताब्दी पर आयोजित संगोष्ठी में मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका जीवन मातृभूमि के लिए समर्पित था। अपने लिए तो सभी जीते हैं लेकिन कुछ होते हैं जो, देश और समाज के लिए जीते हैं। उनका अपना कुछ नहीं होता। स्व. बैनर्जी भी ऐसे ही समर्पित राष्ट्र सेवक थे। आपातकाल के दौरान इस परिवार के 6 लोग कारावास में रहे। उन्होंने महिला सशक्तिकरण के लिए भी कार्य किया। उनकी धर्मपत्नी जयश्री बैनर्जी ने अपनी सम्पूर्ण क्षमताओं से प्रदेशवासियों की सेवा की।

जीवन से ले प्रेरणा

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि स्व. बैनर्जी का व्यक्तित्व और कृतित्व ही उनके सेवाभावी होने की जानकारी दे देता है। किसी भी संगठन के इतिहास में प्रारंभिक काल के सक्रिय कार्यकर्ता महत्व रखते हैं। ये कार्यकर्ता नींव के पत्थर होते हैं। ऐसे नींव के पत्थर ही एक विशाल भवन के निर्माण के आधार बनते हैं। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि स्वण् बैनर्जी का जीवन प्रेरणा प्रदान करता है। मुख्यमंत्री ने प्रदेश की जनता की ओर से स्व. बैनर्जी को श्रद्धा सुमन अर्पित किए।

योद्धा की तरह किया सामना

जलशक्ति एवं खाद्य प्रसंस्कीरण उद्योग राज्यमंत्री प्रहलाद पटेल ने स्व. बैनर्जी को सामाजिक और राजनैतिक क्षेत्र का आदर्श बताया। उन्होंने निष्काम भाव से अपने जीवन को जिया तथा आपातकाल जैसी विपरीत परिस्थितियों का भी एक योद्धा की तरह सामना किया।

एकात्म और अंत्योदय के विचार को बढ़ाया

खजुराहो सांसद एवं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने कहा कि महाकौशल क्षेत्र में एकात्म और अंत्योदय के विचार को आगे बढ़ाने में स्व. सुभाष बैनर्जी का सबसे बड़ा योगदान रहा। स्वागत उद्बोधन विधायक अशोक रोहाणी ने दिया। धर्म नारायण संगोष्ठी के मुख्यव वक्ता थे। इस अवसर पर स्व. बैनर्जी के जीवन पर लघु फिल्म प्रदर्शित की गई। मुख्यमंत्री ने स्व. बैनर्जी की धर्मपत्नी पूर्व सांसद जयश्री बैनर्जी का सम्मान भी किया।

ये रहे उपस्थित

संगोष्ठी में प्रदेश के कृषि विकास मंत्री कमल पटेल, नरसिंह पीठाधीश्वर डॉ. नरसिंहदास महाराज, सांसद राकेश सिंह, राज्यसभा सदस्य सुमित्रा बाल्मिकी, भाजपा के नगर अध्यक्ष प्रभात साहू, नगर निगम अध्यक्ष रिकुंज विज, नेता प्रतिपक्ष कमलेश अग्रवाल मंचासीन थे। संचालन वरिष्ठ पत्रकार रवीन्द्र वाजपेयी ने किया।