हवा में कोरोना है या नहीं, पता लगा लेगी यह डिवाइस

हवा में कोरोना है या नहीं, पता लगा लेगी यह डिवाइस

मॉस्को। रूस ने दावा किया है कि उसने एक ऐसा डिवाइस बनाया है जो हवा में कोरोना वायरस की मौजूदगी का पता लगा लेगा। यह डिवाइस न केवल कोरोना, बल्कि बैक्टीरिया, जहरीले पदार्थों और कई खतरनाक वायरस की उपस्थिति की सूचना भी दे सकता है। इस डिवाइस को रूस की केएमजे फैक्टरी ने डिफेंस मिनिस्ट्री और कोरोना वैक्सीन बनाने वाली गामालेया इंस्टीट्यूट के साथ मिलकर तैयार किया है।

आर्मी 2020 के दौरान प्रदर्शित की गई डिवाइस : इस डिवाइस को डिटेक्टर बॉयो नाम दिया गया है। शुक्रवार को मॉस्को के पास आयोजित सैन्य औद्योगिक सम्मेलन 'आर्मी 2020' के दौरान डिटेक्टर बॉयो मशीन को प्रदर्शित किया गया। रूस की केएमजे फैक्टरी दुनियाभर में प्रसिद्ध जेनिथ कैमरा का निर्माण भी करती है।

कैसे करता है वायरस की जांच

पहले चरण में यह केवल 10 से 15 सेकेंड में ही हवा में उपस्थित वायरस, बैक्टीरिया या किसी जहरीले पदार्थ की उपस्थिति को लेकर अलर्ट भेज सकता है। हालांकि इस दौरान वह कोरोना जैसे खतरनाक वायरस का पता नहीं लगा सकता है। इसके लिए यह डिवाइस हवा का विस्तृत परीक्षण करता है। जिसमें डेढ़ से 2 घंटे तक का समय लगता है। इसके डेवलपर्स का कहना है कि इस मशीन को एयरपोर्ट, मेट्रो या रेलवे स्टेशन जैसे सार्वजनिक स्थानों पर तैनात करने के लिए बनाया गया है।